जूनियर एनटीआर आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर मेकर्स ने एनटीआर के फैंस की शाम को और भी यादगार बनाने के लिए मच अवेटेड फिल्म ‘ड्रैगन’ की पहली झलक भी जारी कर दी। इसमें एनटीआर का ग्रे शेड देखने को मिला है। बीती रात जारी हुए इस पहली झलक पर अब फैंस और नेटिजंस के रिएक्शन भी सामने आने लगे हैं। जानते हैं नेटिजंस को कैसी लगी एनटीआर की ‘ड्रैगन’ की पहली झलक?
‘ड्रैगन’ की चार मिनट से लंबी पहली झलक पर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। अधिकांश यूजर्स को जहां एनटीआर ने प्रभावित किया है और वो उनकी तारीफ कर रहे हैं। वहीं कुछ दर्शकों ने इसकी तुलना निर्देशक प्रशांत नील की पिछली फिल्मों ‘सालार’ और ‘केजीएफ’ से भी की है।
एक यूजर ने लिखा, ‘एनटीआर सिर्फ एक्टिंग नहीं कर रहे, बल्कि किरदार में पूरी तरह डूब गए हैं।’ दूसरे ने कहा, ‘केजीएफ में रॉकी था, सालार में देवा… अब आ गया ड्रैगन।’ एक अन्य यूजर ने कहा कि यूनिवर्स बनाने में प्रशांत नील का कोई मुकाबला नहीं।’
एक अन्य नेटिजंस ने तारीफ करते हुए लिखा, ‘ड्रैगन की झलक शानदार थी। टेक्निकल रूप से यह अब तक की सबसे बेहतरीन चीजों में से एक है। रात के सीन में लाइटिंग और कलर ग्रेडिंग कमाल की है। नील ने एक शानदार दुनिया बनाई है। एनटीआर अच्छे लग रहे हैं। एनटीआर के दूसरे पहलू का इंतजार है।’
बैकग्राउंड स्कोर पर फिदा हुए फैंस
कई यूजर्स ने इस पहली झलक की तारीफ करते हुए फिल्म को ब्लॉकबस्टर बताया। तो वहीं कई यूजर्स को बैकग्राउंड म्यूजिक ने काफी प्रभावित किया। लोगों ने निर्देशक प्रशांत नील की भी तारीफ की है।
‘सालार’ और ‘केजीएफ’ की दिखी झलक
हालांकि, कई नेटिजंस को ‘ड्रैगन’ की पहली झलक में निर्देशक प्रशांत नील की पिछली फिल्मों ‘सालार’ और ‘केजीएफ’ की भी झलक दिखी। यही कारण है कि नेटिजंस का कहना है कि कुछ नया नजर नहीं आ रहा है। एक यूजर ने पूछा, ‘क्या सिर्फ मुझे ही ऐसा लग रहा है या किसी और को भी यह झलक केजीएफ और सालार की याद दिला रही है?’ जबकि कई अन्य नेटिजंस ने भी इस तरह का सवाल किया।