फिल्म 'आरआरआर' के गाने 'नाटू नाटू' के सिंगर राहुल सिप्लिगुंज कानूनी मुश्किलों में फंस गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विशाखापत्तनम में दर्ज एक एफआईआर में उनका नाम 11 अन्य लोगों के साथ शामिल है। एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि शादी से जुड़े एक विवाद में उसे धमकाया गया।
मुश्किल में राहुल सिप्लिगुंज
टीवी9 तेलुगु के मुताबिक एक युवती ने सिप्लिगुंज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि वह 11 अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे धमका रहे हैं। शिकायत में कहा गया है कि कपूरपु राहुल रेड्डी ने शादी के बहाने खुद को उनका (सिप्लिगुंज) रिश्तेदार बताया। युवती का दावा है कि बाद में उन्होंने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो लीक करने की धमकी दी। उसने यह भी आरोप लगाया कि इससे उसकी इज्जत और निजी जीवन को नुकसान पहुंचा है।
राहुल सिप्लिगुंज
- फोटो : इंस्टाग्राम@ sipligunjrahul
क्या हैं आरोप?
- आरोप है कि सिप्लिगुंज ने महिला को धमकाया और वीडियो बयान देने के लिए मजबूर किया।
- उस बयान में क्या था, यह पता नहीं है।
- पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर विशाखापत्तनम के एमवीपी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की है।
- भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसे ब्लैकमेल किया गया, धमकाया गया और परेशान किया गया।
- सिप्लिगुंज ने इस मामले पर कोई बयान जारी नहीं किया है।
राहुल सिप्लिगुंज
- फोटो : इंस्टाग्राम@ sipligunjrahul
कौन हैं राहुल सिप्लिगुंज?
राहुल सिप्लिगुंज तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के गायक और गीतकार हैं। उन्हें यूट्यूब पर अपने गानों से लोकप्रियता मिली। एसएस राजामौली की 2022 की ब्लॉकबस्टर फिल्म आरआरआर के गाने 'नाटू नाटू' ने 'बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग' का ऑस्कर जीता, जिससे उन्हें वैश्विक पहचान मिली। सिंगर को बिग बॉस तेलुगु 3 जीतने के लिए भी जाना जाता है।
हाल ही में, सिप्लिगुंज ने पवन कल्याण की फिल्म 'हरि हरा वीरा मल्लू: पार्ट 1' और महेश बाबू की फिल्म 'गुंटूर कारम' के लिए कई गाने गाए हैं।