Mohanlal: अभिनेता मोहनलाल की फिल्म 'बरोज' दिसंबर में क्रिसमस के अवसर पर रिलीज हुई। इसमें उन्होंने अभिनय करने के साथ-साथ निर्देशन में भी डेब्यू किया है। इस फिल्म को मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली। फिल्म की आलोचनाओं पर मोहनलाल ने चुप्पी तोड़ी है।
एक्टर मोहनलाल की फिल्म 'बरोज' 25 दिसंबर 2024 को रिलीज हुई। इस फिल्म के जरिए मोहनलाल ने निर्देशन की दुनिया में कदम रखे हैं। उनकी इस फिल्म की काफी आलोचना भी हुई है, जिस पर अब एक्टर ने प्रतिक्रिया दी है। खासकर उन्होंने उन दर्शकों को जवाब दिया है, जिन्होंने बिना देखे ही 'बरोज' की आलोचना कर डाली।
विज्ञापन
बरोज
- फोटो : सोशल मीडिया
आलोचना करने वालों पर साधा निशाना
हाल ही में हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया के साथ इंटरव्यू के दौरान मोहनलाल ने उन लोगों की आलोचना की, जिन्होंने बिना 'बरोज' देखे ही फिल्म की बुराई कर डाली। एक्टर ने कहा, 'सिनेमा में चार दशक बिताने के बाद मैं 'बरोज' को समाज को कुछ वापस देने के रूप में देखता हूं। फिल्म देखने वाले सभी लोगों ने इसका लुत्फ उठाया, लेकिन कुछ लोगों ने अभी तक फिल्म नहीं देखी है और वे इसकी आलोचना कर रहे हैं'।
हॉलीवुड फिल्मों से तुलना का नहीं किया दावा
मोहनलाल ने आगे कहा कि किसी फिल्म की आलोचना करने से पहले उसके कुछ पहलुओं को समझना जरूरी है। एक्टर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी यह दावा नहीं किया कि 'बरोज' की तुलना हॉलीवुड फिल्मों या उन प्रोडक्शन में इस्तेमाल की गई एडवांस टेक्नोलॉजी से की जानी चाहिए। 'बरोज' फंतासी फिल्म है। इसमें मोहनलाल ने खुद अभिनय भी किया है।
बोले- यह फिल्म हमारा एक प्रयास है
मोहनलाल का कहना है कि यह फिल्म उनकी और उनकी प्रतिभाशाली टीम का एक प्रयास मात्र है। मोहनलाल के वर्क फ्रंट की बात करें तो उनकी अगली फिल्म 'थुडरम' है। थारुन मूर्ति द्वारा निर्देशित यह फिल्म 30 जनवरी, 2025 को रिलीज होगी। इसके बाद फिल्म 'एल2ई' भी उनकी झोली में है, जो 27 मार्च को रिलीज होगी।