ट्रेलर में क्या है?
3 मिनट 13 सेकंड के इस ट्रेलर में लोकेश कनगराज को देवदास और वामिका को चंद्रा के रूप में दिखाया गया है। ट्रेलर में दिखाया जाता है कि चंद्रा के माता-पिता ने कोलकाता में उसे कई साल पहले अवैध रूप से देह व्यापार में बेच दिया था। अब उसके पास रहने की कोई जगह नहीं है।
जल्द ही पता चलता है कि देवदास एक पुलिस वाले और डॉक्टर चंद्रा की हत्या के आरोप में वॉन्टेड है। इसके बाद ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, खूनखराबा, बम धमाके और गोलीबारी देखने को मिलती है।
ट्रेलर में लोकेश के साथ-साथ वामिका भी कई मौकों पर एक्शन करती नजर आती हैं। ट्रेलर का अंत एक रोमांटिक अंदाज में होता है, जहां वामिका और लोकेश सूर्यास्त के समय एक पहाड़ी पर खड़े नजर आते हैं।
ट्रेलर देखकर उत्साहित हुए फैंस
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गया। हालांकि, अधिकांश यूजर्स ट्रेलर में सबसे ज्यादा प्रभावित अनिरुद्ध के म्यूजिक से हुए हैं। जबकि कई यूजर्स ने ट्रेलर में वामिका और लोकेश की भी जमकर तारीफ की है। फैंस को फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। हालांकि, ट्रेलर जारी होने के बावजूद अभी तक फिल्म की रिलीज डेट सामने नहीं आई है।
अरुण मथेश्वरन ने किया है निर्देशन
अरुण मथेश्वरन द्वारा निर्देशित ‘डीसी’ में लोकेश कनगराज और वामिका गब्बी के अलावा संजना कृष्णमूर्ति भी प्रमुख भूमिका में हैं। फिल्म की कहानी भी अरुण मथेश्वरन ने ही लिखी है। इस फिल्म को सन पिक्चर्स द्वारा प्रोड्यूस किया गया है। अब देखना ये है कि सफल निर्देशक बनने के बाद, लोकेश कनगराज अभिनय में कैसी शुरुआत करते हैं।