कल्कि 2898 एडी के बाद कमल हासन जल्द ही इंडियन 2 में नजर आने वाले हैं। फैंस को इस फिल्म का लंबे समय से इंतजार है। इस बीच हाल ही में अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए अपने गुरु और कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता तमिल निर्देशक के बालाचंदर को उनकी 94वीं जयंती पर याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कमल हासन ने अपने गुरु को किया याद
के बलाचंदर का 2014 में निधन हो गया था। फिल्मकार ने अपने करियर में 150 से अधिक फिल्में बनाईं, जिनमें अवल ओरु थोडर कथई, अवरगल, वरुमायिन निरम शिवप्पु और 47 नटकल जैसी कई अन्य शानदार फिल्में शामिल हैं। अपने गुरु के बारे में बात करते हुए कमल ने कहा, "ऐसा कोई दिन नहीं गया जब मैंने उनके बारे में बात न की हो और यह मेरे करीबी लोग अच्छी तरह से जानते हैं।"
अभिनेता ने की जमकर तारीफ
उन्होंने कहा, "मेरे अनुसार केबी सर की न केवल मेरे और मेरे विकास के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा की जानी चाहिए। साथ ही, फिल्म इंडस्ट्री के लिए उनके योगदान की भी सराहना की जानी चाहिए। मुझे ऐसा कोई निर्देशक याद नहीं आ रहा, जिसने इतने नए विषयों और नए कलाकारों को लोगों के सामने पेश किया हो। उन्होंने मेरे और कई अन्य लोगों के जीवन में जो बदलाव लाए वे अविस्मरणीय हैं। मैंने पेशेवर तौर पर उनसे कई चीजें सीखी हैं और यह भी सीखा है कि जीवन में अनुशासित कैसे रहना है।
इन फिल्मों में साथ किया काम
कमल हासन ने के बालाचंदर के साथ 'अपूर्व रागंगल' (1975), 'मूंदरू मुदिचू' (1976), एक दूजे के लिए (1981) और 'पुन्नागई मन्नन' (1986) सहित कई फिल्मों में काम किया था। दिलचस्प बात यह है कि के बालाचंदर की आखिरी फिल्म कमल हासन के साथ 'उथमा विलेन' थी, जिसमें उन्होंने एक फिल्मकार और फिल्म में कमल के किरदार के गुरु की भूमिका भी निभाई थी।