के. भाग्यराज
- फोटो : एक्स
भारतीय सिनेमा ने अपनी सबसे रचनात्मक हस्तियों में से एक को खो दिया है। अनुभवी फिल्म निर्माता, अभिनेता और लेखक के. भाग्यराज का चेन्नई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इससे उनके फैंस और साथी कलाकार सदमे में हैं। वे 73 वर्ष के थे। उनके परिवार ने उनकी आखिरी ख्वाहिश पूरी कर दी है।
के. भाग्यराज को दिया जाएगा सम्मान
के. भाग्यराज का पार्थिव शरीर नुंगमबक्कम में मौजूद उनके घर पर रखा गया। यहां परिवार, दोस्त, फिल्म इंडस्ट्री के सदस्य और हजारों प्रशंसक 'स्क्रीनप्ले के किंग' के नाम से मशहूर इस फिल्म निर्माता को भावभीनी विदाई देने के लिए पहुंच रहे हैं। उन्हें राजकीय सम्मान दिया जाएगा।
दिवंगत अभिनेता और निर्देशक के. भाग्यराज
- फोटो : इंस्टाग्राम@ungalkbhagyaraj
परिवार ने पूरी की इच्छा
अपने निधन से काफी पहले, इस अनुभवी अभिनेता और निर्देशक ने अपनी आंखें दान करने का संकल्प लिया था, ताकि किसी और को देखने का मौका मिल सके। न्यूज 18 के अनुसार, उनके निधन के तुरंत बाद उनके परिवार ने एक आई हॉस्पिटल को सूचित करके उस वादे को पूरा किया।
के भाग्यराज
- फोटो : एक्स
डॉक्टरों की टीम पहुंची घर
थांथी टीवी की तरफ से शेयर किए गए एक वीडियो से पुष्टि होती है कि डॉक्टरों की एक टीम उनके घर पहुंची और कॉर्निया दान की प्रक्रिया पूरी की। उनकी कॉर्निया अब कॉर्नियल ब्लाइंडनेस (कॉर्निया की खराबी से होने वाला अंधापन) से जूझ रहे लोगों की दृष्टि वापस लाने में मदद करेगी। डॉक्टरों के उनके घर से निकलने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं।
पूर्व गवर्नर ने की तारीफ
तेलंगाना की पूर्व गवर्नर तमिलिसाई सुंदरराजन ने एक्स पर लिखा 'मशहूर निर्देशक, अभिनेता और लेखक श्री भाग्यराज का निधन चौंकाने वाला है। मैंने अभी-अभी उनको श्रद्धांजलि दी। मुझे यह खबर मिली कि उन्होंने अपनी आंखें दान कर दी हैं। यह सोच कि अपनी मृत्यु के बाद भी उन लोगों को रोशनी दी जाए, जिन्होंने अपनी दृष्टि खो दी है, इसकी जितनी भी तारीफ की जाए, कम है।'