साउथ के बेहतरीन अभिनेता जूनियर एनटीआर की अपकमिंग फिल्म रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। तमिलनाडु के नेता और 'नाम तमिलर काची' के लीडर सीमन ने फिल्म मेकर्स को गंभीर नतीजों की चेतावनी दी है। उन्होंने फिल्म में भगवान मुरुगन को दिखाए जाने के तरीके पर ऐतराज जताया है। उन्होंने राज्य में फिल्म पर बैन लगाने की मांग की है।
मेकर्स ने किया फिल्म का एलान
यह विवाद तब शुरू हुआ जब प्रोड्यूसर नागा वामसी ने 29 जून को जूनियर एनटीआर के साथ इस प्रोजेक्ट का एलान किया। एलान के साथ उन्होंने लिखा 'उत्तर में जन्म। देश के दिल में ढले। दक्षिण में पूजे गए। अब... एक ऐसी कहानी जो पूरी दुनिया की होगी।'
मेकर्स ने फिल्म की कहानी का खुलासा नहीं किया, लेकिन एलान वाले पोस्टर से संकेत मिला कि यह फिल्म भगवान मुरुगन (जिन्हें कार्तिकेय भी कहा जाता है) पर आधारित हो सकती है। 'उत्तर में जन्म' वाली बात पर सीमन ने आपत्ति जताई।
सीमन ने जताई आपत्ति
यह मामला रविवार (5 जुलाई) को और बढ़ गया जब सीमन ने एक्स पर एक विस्तृत बयान जारी किया। उन्होंने फिल्म मेकर्स पर तमिल इतिहास को गलत तरीके से पेश करने और तमिल लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
सीमन ने दी चेतावनी
सीमन ने मेकर्स को चेतावनी देते हुए लिखा कि फिल्म क्रू को कला के नाम पर मनगढ़ंत कहानियां बनाने और थोपने की कोशिशें तुरंत बंद कर देनी चाहिए। जैसे कि यह दावा करना कि भगवान मुरुगा का जन्म उत्तरी मैदानी इलाकों में हुआ था। ऐसा न करने पर उन्हें बहुत गंभीर नतीजों का सामना करना पड़ेगा।
तमिलनाडु सरकार से की ये अपील
सीमन ने तमिलनाडु सरकार से यह भी अपील की कि अगर मेकर्स इन चिंताओं का समाधान नहीं करते हैं, तो फिल्म की रिलीज पर रोक लगाई जाए। उन्होंने लिखा 'यह फिल्म तमिल संस्कृति को गलत तरीके से दिखाती है और इसे तमिल लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मकसद से बनाया गया है। अगर इसे रिलीज किया गया, तो इससे कानून-व्यवस्था की गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसलिए, मैं तमिलनाडु सरकार से अपील करता हूं कि वह तमिलनाडु में इसके तमिल या तेलुगु वर्शन की स्क्रीनिंग की इजाजत न दें।'
मेकर्स ने नहीं दिया कोई बयान
फिल्म के निर्माताओं ने सीमन के बयान या इस घोषणा से जुड़े विवाद पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इस प्रोजेक्ट का प्रोडक्शन अभी शुरू नहीं हुआ है और चर्चा है कि इसका नाम 'गॉड ऑफ वॉर' रखा जाएगा। इसके निर्देशक त्रिविक्रम श्रीनिवास हैं।