रामचरण ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से की मुलाकात
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
मैसूर में फिल्म ‘पेद्दी’ की शूटिंग तेजी से हो रही थी। लेकिन अभिनेता अल्लू अर्जुन की दादी के निधन के कारण अभिनेता रामचरण ने अपनी फिल्म ‘पेद्दी’ की शूटिंग पर कुछ वक्त के लिए विराम लगा दिया। अल्लू अर्जुन और रामचरण असल जिंदगी में करीबी रिश्तेदार हैं। इसी घटनाक्रम के बीच रामचरण ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से भी मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर मुख्यमंत्री ने भी सोशल मीडिया पर एक ट्वीट शेयर किया है।
मुलाकात की तस्वीरें हुईं वायरल
सोशल मीडिया पर रामचरण और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की मुलाकात की तस्वीरें वायरल हैं। रामचरण मुख्यमंत्री को उपहार में फूलों का गुलदस्ता देते दिखाई दिए। वहीं मुख्यमंत्री के साथ बातचीत करते हुए रामचरण नजर आए।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट में क्या लिखा?
रामचरण के साथ हुई मुलाकात को लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया। जिसमें वह लिखते हैं, ‘तेलुगू एक्टर राम चरण के साथ मैसूर में आज मुलाकात हुई, काफी देर बातचीत हुई। वह इन दिनों फिल्म ‘पेद्दी’ की शूटिंग कर रहे हैं।’ राम चरण ने भी ट्विटर पर पोस्ट करके मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का आभार व्यक्त किया। वह अपने ट्वीट में लिखते हैं, ‘धन्यवाद सर, कर्नाटक में शूटिंग करना हमेशा ही खुशी देता है। आपसे मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है।’
फिल्म ‘पेद्दी’ में नजर आएगी ये बॉलीवुड एक्ट्रेस
फिल्म ‘पेद्दी’ में रामचरण के साथ बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर भी नजर आएंगी। साथ ही एक्टर जगपति बाबू भी इस फिल्म में एक अहम किरदार निभाने वाले हैं। इस फिल्म को बुची बाबू सना निर्देशित कर रहे हैं।