रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म 'जेलर 2' के मेकर्स फिल्म के एक प्रमोशनल गाने के रिलीज होने के बाद भाषा से जुड़े विवाद में फंस गए हैं। मंगलवार को 'अला बोलेलो' नाम के पहले गाने का 32-सेकंड का टीजर जारी किया गया। मगर मलयालम बोलने वाले दर्शकों के एक वर्ग ने गाने में मलयालम शब्दों के गलत उच्चारण पर निराशा जताई और इसकी आलोचना की।
कौन हैं 'अला बोलेलो' के गायक?
- 'अला बोलेलो' के प्रमोशनल वीडियो में शमना कासिम केरल की पारंपरिक 'कासावु' पोशाक में डांस कर रही हैं।
- इसमें रजनीकांत की एक छोटी सी झलक दिखाई देती है।
- गाने को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है।
- अरुणराजा कामराज की तरफ से लिखे गए गाने में तमिल और मलयालम भाषाओं का मिश्रण है।
- गाने को निरंजना रमन, अपर्णा हरिकुमार और दीप्ति सुरेश ने आवाज दी है।
जेलर 2
- फोटो : यूट्यूब
क्यों निराश हुए श्रोता?
फिल्म के संगीत रिलीज को लेकर शुरुआती उत्साह के बावजूद, क्लिप के लाइव होने के तुरंत बाद केरल के सुनने वालों में निराशा फैल गई। आलोचकों ने बताया कि मलयालम के मुख्य शब्दों और खास ध्वनियों का उच्चारण गलत था, जिससे गाने के बोल इतने बिगड़ गए कि उन्हें पहचानना मुश्किल हो गया।
यूजर्स की क्या है अपील?
केरल के सोशल मीडिया यूजर्स ने कई प्लेटफॉर्म पर अपनी नाराजगी जाहिर की और फिल्म निर्माताओं से मुख्य गानों में क्षेत्रीय भाषाओं को शामिल करते समय ज्यादा सावधानी बरतने की अपील की। कई सुनने वालों ने खास तौर पर मलयालम व्यंजन ध्वनियों, खासकर 'ला' (la) अक्षर के अलग-अलग रूपों के गलत उच्चारण की ओर इशारा किया।
जेलर 2
- फोटो : यूट्यूब
तमिल भाषी फैंस ने किया समर्थन
एक्स पर एक लोकप्रिय कमेंट में निर्माताओं से अनुरोध किया गया कि वे गानों या डायलॉग में मलयालम का इस्तेमाल तब तक न करें जब तक कि उसका सही उच्चारण न हो, क्योंकि भाषा से जुड़ी बड़ी गलतियां मूल भाषा बोलने वालों को बहुत अजीब लगती हैं।
अन्य यूजर्स ने सुझाव दिया कि प्रोडक्शन टीम को ऐसे गीतकार और गायक रखने चाहिए थे जो भाषा में माहिर हों ताकि सटीकता बनी रहे। दिलचस्प बात यह है कि कई तमिल भाषी फैंस ने भी इस फीडबैक का समर्थन किया और माना कि जब मुख्यधारा के सिनेमा में अलग-अलग संस्कृतियों के तत्वों को शामिल किया जाता है, तो उन्हें सही ढंग से पेश करना जरूरी होता है।
कब रिलीज होगी 'जेलर 2'?
'जेलर 2' डायरेक्टर नेल्सन दिलीप कुमार की 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जेलर' का सीक्वल है। सन पिक्चर्स बैनर के तहत बनी इस फिल्म में रजनीकांत 'टाइगर मुथुवेल पांडियन' के अपने रोल में फिर से नजर आएंगे। फिल्म की स्टार कास्ट में राम्या कृष्णन, योगी बाबू, एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन और सूरज वेंजारामूडु शामिल हैं, साथ ही मोहनलाल, शिवा राजकुमार और जैकी श्रॉफ की भी खास भूमिकाएं हैं।
'अला बोलेलो' का पूरा वर्जन 21 अगस्त को रिलीज़ होने वाला था, जबकि 'जेलर 2' दुनिया भर के सिनेमाघरों में 15 अक्टूबर, 2026 को रिलीज होगी।