अभिनेता धर्मा के घर में घुसी नशे में धुत युवक की कार
- फोटो : एक्स
हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स स्थित फिल्म नगर में शुक्रवार तड़के टॉलीवुड अभिनेता धर्मा के घर में एक तेज रफ्तार कार घुस गई। राहत की बात है कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। हालांकि घर की बाउंड्री वॉल और गेट को नुकसान पहुंचा है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि कार चला रहा युवक कथित तौर पर शराब के नशे में था।
नशे में धुत ड्राइवर खो बैठा नियंत्रण
पुलिस के अनुसार, आधी रात के बाद तेज रफ्तार कार का चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन अभिनेता धर्मा के घर का गेट तोड़ते हुए परिसर में जा घुसा और वहीं जाकर रुका। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा ढह गया और कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
जोरदार आवाज सुनकर अभिनेता धर्मा और उनके परिवार के सदस्य जाग गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही जुबली हिल्स पुलिस मौके पर पहुंची और कार चला रहे युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि वह शराब के नशे में था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।