कोलकाता के जादवपुर इलाके में एक टीवी अभिनेत्री से छेड़छाड़ और तेजाब से हमले की धमकी देने के मामला सामने आया है। जिसमें पुलिस ने अभी तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला
यह घटना बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे हुई, जब अभिनेत्री शूटिंग के बाद अपने चार दोस्तों के साथ चाय पीने रुकी थीं। अभिनेत्री की शिकायत के अनुसार, दो नशे में धुत युवक कार से आए और बिना कारण उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। जब अभिनेत्री और उनके दोस्तों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने अभिनेत्री के साथ बदतमीजी की और छेड़छाड़ की कोशिश की। अभिनेत्री ने बताया कि आरोपियों ने उन पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी। पुलिस के आने के बाद स्थिति नियंत्रण में आई।
शिकायत हुई दर्ज
जादवपुर पुलिस ने अभिनेत्री की शिकायत पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर, आरोपियों ने भी अभिनेत्री के दोस्तों पर हमला करने की शिकायत दर्ज की है। बहरहाल, पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।