तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एक्ट्रेस और पूर्व TVK नेता रंजना नचियार अब डीएमके में शामिल हो गई हैं। यह कदम उन्होंने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उठाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, DMK जॉइन करने के बाद रंजना नचियार ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन से भी मुलाकात की।
विज्ञापन
विजय की पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप
रंजना ने विजय की पार्टी टीवीके छोड़ने के पीछे का कारण भी बताया और उनकी पार्टी पर गंभीर आरोप भी लगाए। रंजना ने अन्ना अरिवालयम (डीएमके मुख्यालय) में एएनआई से बात करते हुए कहा, ‘टीवीके एक ऐसी पार्टी है जिसे उसके नेता विजय ने शुरू किया है।
वह कहते हैं कि वह पार्टी में बदलाव लाएंगे, लेकिन वह अपनी बातों पर कायम नहीं रहते। उन्हें लोगों के बीच आकर मिलना चाहिए… मुझे पार्टी में कई चीजों को लेकर शक है।
महिला दिवस के दिन मंच पर महिलाओं का अपमान करना… विजय कार्यकर्ताओं, महिला नेताओं और आम लोगों में से किसी के लिए भी आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। डीएमके एक ऐसी पार्टी है जो पहले से सत्ता में है, और लोगों का उस पर भरोसा और विश्वास भी है…मुझे लगता है ये ज्यादा बेहतर है।’
विज्ञापन
उन्होंने पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा, 'टीवीके का नेतृत्व आसानी से पहुंच में नहीं है, और पार्टी के नेता कार्यकर्ताओं की परेशानियों की परवाह नहीं करते। पार्टी में महिलाओं का लगातार अपमान होता है, खासकर विजय द्वारा, जो मेरी पूर्वज रानी वेलु नचियार की तस्वीर दिखाते हैं।'
पहले बीजेपी, फिर टीवीके...अब डीएमके
रंजना पहले करीब 8 साल तक बीजेपी में भी रह चुकी हैं। उन्होंने फरवरी 2025 में भाषा विवाद के चलते पार्टी छोड़ दी थी। उस दौरान उन्होंने हिंदी भाषा थोपने का विरोध किया था और तमिल और अंग्रेजी की दो-भाषा नीति का समर्थन किया था।
इसके बाद वह तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) में शामिल हुई थीं, लेकिन अब उन्होंने वहां से भी इस्तीफा देकर डीएमके का दामन थाम लिया है।