आमिर ने मांगी माफी
आमिर खान ने पहले यह कहा था कि ‘सितारे जमीन पर’ सिर्फ सिनेमाघरों में ही रिलीज होगी। अब फिल्म के यूट्यूब पर आने पर आमिर ने लोगों से माफी मांगी। उन्होंने कहा, “मैं उन सभी लोगों से माफी मांगना चाहता हूं जिनसे मैंने झूठ कहा कि मैं फिल्म यूट्यूब पर रिलीज नहीं कर रहा। मैंने ऐसा इसलिए किया ताकि थिएट्रिकल बिजनेस को नुकसान न हो। मैं थिएटर बिजनेस के प्रति वफादार हूं। चूंकि यह हमारा पहला प्रयोग था, इसलिए मुझे मजबूरी में झूठ बोलना पड़ा। मेरी आने वाली सभी होम प्रोडक्शन फिल्में पहले थिएटर में रिलीज होंगी और फिर यूट्यूब पर पे-पर-व्यू मॉडल पर देखने को मिलेंगी।
मुझे ओटीटी पर फिल्में लाने का चलन नहीं पसंद
ओटीटी को लेकर बात करते हुए अभिनेता ने कहा कि ओटीटी एक सब्सक्रिप्शन मॉडल है। मुझे ओटीटी से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन थिएटर में रिलीज के 6 से 8 हफ्ते बाद फिल्म ओटीटी पर डालने का जो चलन है, वो मुझे पसंद नहीं है। इसलिए मैंने इससे दूरी बना ली है। मुझे नहीं लगता कि पे-पर-व्यू मॉडल थिएटर बिजनेस को नुकसान पहुंचाएगा। मैं यह पहली बार कर रहा हूं, इसलिए मुझे नहीं पता इसका कितना बिजनेस पोटेंशियल है।
मुझे 125 करोड़ रुपए नहीं चाहिए
ओटीटी के महंगे राइट्स बिकने के सवाल पर अभिनेता ने कहा कि मुझे 125 करोड़ नहीं चाहिए, मुझे अपनी ऑडियंस से 100 रूपए चाहिए। मैं ओटीटी प्लेटफॉर्म से मिल रहे अच्छे ऑफर्स के बावजूद मना कर रहा था। मुझे सब्सक्रिप्शन मॉडल पसंद नहीं है। मुझे अपने ऑडियंस और अपने काम पर भरोसा है। अगर मेरा काम अच्छा होगा तो लोग उसे थिएटर में देखेंगे और फिर यूट्यूब पर भी। मुझे लगता है ये मॉडल सिनेमा को नुकसान पहुंचा रहा है। लंबे समय में इंडस्ट्री पर इसका असर पड़ेगा, इसलिए मैंने इससे इंकार कर दिया।