किस गाने के इस्तेमाल पर विवाद?
गायक सरगम वैश ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने एक वीडियो साझा करते हुए सार्वजनिक रूप से फिल्म पर चोरी का आरोप लगाया है। सिंगर ने फिल्म के गाने 'ऐगिरि नंदिनी' को अपना बताया है और मेकर्स पर आरोप लगाया है कि उनकी बिना इजाजत के यह गाना ट्रेलर में इस्तेमाल कर लिया गया है। सरगम ने दावा किया है कि फिल्म के ट्रेलर में 25 सेकंड तक उनका गाना चल रहा है। यह वह गाना है, जो अभी तक रिलीज भी नहीं हुआ। सरगम ने सबूत दिखाते हुए अपनी बात कही है।
बोले- 'मैंने पहले से कॉन्ट्रैक्ट साइन किया हुआ है'
सरगम वीडियो में कह रहे हैं कि मेकर्स ने ट्रेलर में उनके गाने का इस्तेमाल बिना उनकी अनुमति लिए किया है। सिंगर ने फिल्म की टीम से अपील की है कि वे इस गाने को या तो हटा लें, अन्यथा वे कानूनी रूप से कदम उठाएंगे। सरगम ने पोस्ट के साथ लिखा है, 'फिल्म 'द वन' से मेरा गाना हटाया जाए। हाल ही में मैंने 'द वन' का ट्रेलर देखा। इसमें मेरे ओरिजिनल गाने का इस्तेमाल मेरी बिना इजाजत या सहमति के किया गया है। मैंने ट्रेलर या इसके प्रमोशन में अपने म्यूजिक के इस्तेमाल की कोई इजाजत नहीं दी है। यह मेरे लिए बहुत जरूरी है, क्योंकि मैंने इस काम के लिए पहले ही एक बड़े म्यूजिक लेबल के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया हुआ है।
सरगम ने फिल्म के मेकर्स से की ये अपील
सरगम वैश ने आगे कहा कि बिना मेरी इजाजत के इस्तेमाल किए गए इस गाने से मेरे मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट पर असर पड़ सकता है। मेरा मानना है कि हर आर्टिस्ट के काम का सम्मान होना चाहिए। किसी भी आर्टिस्ट के काम का इस्तेमाल उनकी इजाजत के बिना नहीं किया जाना चाहिए। मैं संबंधित टीम से गुजारिश करता हूं कि वे मेरा म्यूजिक हटा दें और मुझसे सीधे संपर्क करें। अगर इसके इस्तेमाल के लिए कोई वैध इजाजत या लाइसेंस है, तो मुझे उसकी जानकारी दी जाए तो मैं आभारी रहूंगा।
कब रिलीज होगी फिल्म 'द वन'?
सरगम के मुताबिक, 'मैं यह बात यहां इसलिए शेयर कर रहा हूं, क्योंकि मुझे सच में आपके सपोर्ट की जरूरत है। प्लीज इस पोस्ट को शेयर करें और सही लोगों तक पहुंचने में मेरी मदद करें। उन सभी लोगों का शुक्रिया जो इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट के साथ खड़े हैं और उनके काम का सम्मान करते हैं। बता दें कि दीपक मिश्रा निर्देशित फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म को शोभा कपूर, एकता कपूर और अरुणाभ कुमार ने प्रोड्यूस किया है।