सुपरस्टार शाहरुख खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चाओं में हैं। फैंस फिल्म के बारे में कोई अपडेट लेने के लिए बेकरार हैं। इस बीच ऐसी चर्चाएं हैं कि 2 नवंबर को शाहरुख के जन्मदिन के मौके पर फिल्म की ऑफिशियल अनाउंसमेंट हो सकती है। अब इसको लेकर निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने हाल ही में शाहरुख के आस्क एसआरके सेशन के दौरान ये हिंट दे दिया है कि ‘किंग’ का अनाउंसमेंट कब हो सकता है।
शाहरुख ने सिद्धार्थ से पूछा, निर्देशक ने दिया ये जवाब
आस्क एसआरके सेशन के दौरान एक फैन फिल्म को लेकर शाहरुख से पूछा कि सर क्या सस्पेंस है ये? अब कुछ तो हिंट दे दो? इस पर शाहरुख ने निर्देशक सिद्धार्थ आनंद को मेंशन करते हुए लिखा, ‘सिद्धार्थ आनंद कुछ दिखा ना फाइनली। फैंस और मैं दोनों थक गए हैं गेसिंग गेम खेलते-खेलते। आप ‘Remember’…‘There is…’ बोल-बोलकर क्या टीज कर रहे हो?’ इस पर सिद्धार्थ आनंद ने रिप्लाई करते हुए कहा, ‘हाहाहा। सर… ‘याद रखिए’ – अच्छी चीजों में वक्त लगता है। ‘अब भी’ हमारी फिल्म के टाइटल रिवील पर काम चल रहा है।’
एक ‘किंग’ जब चाहता है, तब आता है
यही नहीं शाहरुख के आस्क एसआरके सेशन के दौरान सिद्धार्थ आनंद ने शाहरुख को रिप्लाई देते हुए कहा, ‘आप जानते हैं सर, वे क्या कहते हैं - एक राजा तब आता है जब वह चाहता है, तब नहीं जब उसे आना चाहिए।’ इसका जवाब देते हुए शाहरुख ने सिद्धार्थ आनंद से कहा, ‘तुम तो मेरी तरह होते जा रहे हो। सीधे-सादे सवालों के क्रिप्टिक जवाब देते हो। ठीक है बॉस, जब भी... जो भी... और जब भी चाहो। फैन्स उसके पीछे पड़ जाओ। हमला!!! कम से कम टाइटल रिवील तो हो जाए, बस इतना ही प्लीज।’
2 नवंबर को शाहरुख मना रहे अपना 60वां जन्मदिन
शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 60वां जन्मदिन मनाने वाले हैं। ऐसे में चर्चाएं हैं कि शाहरुख के जन्मदिन पर ही ‘किंग’ का ऑफिशियल अनाउंसमेंट किया जा सकता है। यही कारण है कि फैंस फिल्म के लिए उत्साहित हैं। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित ‘किंग’ में शाहरुख के साथ एक बड़ी स्टारकास्ट नजर आने वाली है। इसमें शाहरुख की लाडली सुहाना खान समेत अभिषेक बच्चन, जयदीप अहलावत, दीपिका पादुकोण, जैकी श्रॉफ, रानी मुखर्जी और अनिल कपूर के नाम भी शामिल है।