वेब सीरीज 'मिर्जापुर' और फिल्म 'मसान' में बेहतरीन अदाकारी करने वाली अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी अब नई पारी शुरू करने के लिए तेयार हैं। वह जल्द ही प्रोडक्शन में डेब्यू करेंगी। वह अपनी पहली फीचर फिल्म 'मुझे जान ना कहो मेरी जान' का प्रोडक्शन करने जा रही हैं। इसके लिए उन्होंने 'पाताल लोक' की अभिनेत्री तिलोत्तमा शोम के साथ हाथ मिलाया है। वैरायटी के मुताबिक फिल्म में विचित्र प्रेम कहानी दिखाई जाएगी और इसमें तिलोत्तमा शोम के साथ श्वेता त्रिपाठी भी होंगी।
श्वेता त्रिपाठी के दिल के करीब है फिल्म
वैरायटी के मुताबिक श्वेता त्रिपाठी ने कहा 'यह फिल्म मेरे दिल के बहुत करीब है। इसलिए नहीं कि बतौर प्रोड्यूसर यह मेरी पहली फिल्म है बल्कि इसकी कहानी की वजह से।' उन्होंने आगे कहा 'प्रेम कहानियां बहुत ही ईमानदारी, खूबसूरती और सूक्षमता से बताई जानी चाहिए। चूंकि इस फिल्म में तिलोत्तमा शोम हैं, इसलिए यह और खास है। वह ना सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं बल्कि वह ऐसी इंसान हैं जिन पर मैं बहुत भरोसा करती हूं। लंबे समय से मैं चाहती थी कि हम साथ में काम करें। उनके बगैर मैं इस प्रोजेक्ट को शुरू नहीं कर सकती।'
यह खबर भी पढ़ें: Akshay Kumar: लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की हार का ठीकरा अक्षय कुमार पर क्यों? जानिए कैसे दावे कर रहे हैं फैंस
तिलोत्तमा शोम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
तिलोत्तमा शोम निभाएंगी अहम किरदार
फिल्म में तिलोत्तमा शोम अहम किरदार निभाएंगी। इसका निर्देशन नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले फिल्ममेकर संजय नाग करेंगे। फिल्म की शूटिंग इस साल के आखिर में शुरू हो सकती है।
श्वेता त्रिपाठी
- फोटो : पीटीआई
श्वेता त्रिपाठी का काम
श्वेता त्रिपाठी 'मसान', 'हरामखोर', 'द इलीगल', 'कार्गो' और 'कंजूस मक्खीचूस' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। वह वेब सीरीज 'क्या मस्त है लाइफ', 'मिर्जापुर' और 'लाखों में एक' में नजर आ चुकी हैं।
तिलोत्तमा शोम का काम
तिलोत्तमा शोम ने कई बेहतरीन फिल्में दी हैं जिनमें 'मानसून वेडिंग', 'सर', 'शैडोबॉक्स' और 'ए डेथ इन द गूंज' शामिल हैं। वह 'दिल्ली क्राइम', 'द नाइट मैनेजर', और 'पाताल लोक' जैसे शोज में नजर आई हैं।