बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर अब एनिमेशन की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। डिज्नी की सुपरहिट एनिमेटेड फ्रेंचाइजी 'जूटोपिया' का सीक्वल जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाला है और इसमें जूडी हॉप्स नाम की प्यारी लेकिन जांबाज खरगोश पुलिस ऑफिसर को अब हिंदी में श्रद्धा अपनी आवाज देने वाली हैं। यह फिल्म 28 नवंबर को भारत में रिलीज होगी और डिज्नी इंडिया ने इस नई शुरुआत की घोषणा सोशल मीडिया पर करते हुए फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है।
श्रद्धा कपूर का नया अवतार
श्रद्धा कपूर अब तक अपनी फिल्मों में अभिनय के लिए जानी जाती रही हैं, लेकिन इस बार वह पूरी तरह से एक अलग अंदाज में दर्शकों से जुड़ेंगी। डिज्नी ने अपने आधिकारिक पेज पर श्रद्धा का एक पोस्टर जारी किया है जिसमें वह जूडी हॉप्स के साथ नजर आ रही हैं। श्रद्धा ने भी पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- 'बहुत ज्यादा एक्साइटेड हूं ‘ज़ूटोपिया 2’ फैमिली का हिस्सा बनने के लिए। जूडी हॉप्स जैसी एनर्जेटिक, बहादुर और क्यूट कैरेक्टर को अपनी आवाज देना मेरे लिए एक सपने जैसा है।'
यह खबर भी पढ़ें: बिग बॉस 19 में फिर हुआ डबल एविक्शन, नीलम गिरी के बाद ये मजबूत कंटेस्टेंट भी हुआ बाहर
श्रद्धा के इस संदेश के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस खुशी से झूम उठे हैं। कई यूज़र्स ने लिखा कि श्रद्धा की आवाज़ इस किरदार में बिल्कुल फिट बैठेगी क्योंकि उनकी आवाज़ में वही जोश और मासूमियत है जो जूडी हॉप्स के व्यक्तित्व में झलकती है।
फिल्म की कहानी और निर्देशन
‘जूटोपिया 2’ में एक बार फिर जूडी हॉप्स और उनके साथी निक वाइल्ड ज़ूटोपिया नाम के रंगीन और विविधता भरे शहर में नई चुनौतियों और रहस्यों का सामना करते नज़र आएंगे। फिल्म का निर्देशन जारेड बुश और जोसी ट्रिनिडैड ने किया है। यह सीक्वल पहले हिस्से की तरह ही समाज, साहस और समानता के मुद्दों को मज़ेदार और भावनात्मक अंदाज में पेश करेगा। पहली फिल्म ‘जूटोपिया’ को दुनिया भर में बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला था। 2016 में आई उस फिल्म ने न सिर्फ ऑस्कर जीता बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार कमाई की थी। यही वजह है कि सीक्वल को लेकर दर्शकों की उम्मीदें आसमान छू रही हैं।
चार भाषाओं में होगी रिलीज
डिज्नी इंडिया ने यह भी पुष्टि की है कि ‘जूटोपिया 2’ को हिंदी के अलावा अंग्रेजी, तमिल और तेलुगू में भी रिलीज किया जाएगा ताकि भारत के सभी दर्शक इसे अपनी भाषा में एंजॉय कर सकें। श्रद्धा कपूर का नाम जुड़ने से फिल्म की हिंदी वर्ज़न को खासा प्रमोशन मिलने की उम्मीद है।
श्रद्धा का हालिया वर्कफ्रंट
श्रद्धा कपूर आखिरी बार 2024 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘स्त्री 2’ में नजर आई थीं, जिसने 875 करोड़ से ज्यादा की कमाई करते हुए इतिहास रच दिया था। अब उनके पास ‘ज़ूटोपिया 2’ के साथ-साथ कई और बड़े प्रोजेक्ट्स की लाइन लगी है।