बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 'शोले' का जिक्र जब भी आता है, तो दर्शकों के मन में एक अलग ही उत्साह आ जाता है। इस फिल्म की कहानी और डायलॉग्स आज भी लोगों के जहन में कैद हैं। अब एक और खुशखबरी सामने आ रही है कि 'शोले' फिल्म का प्रीमियर सिडनी के भारतीय फिल्म महोत्सव (IFFS) में किया जाएगा, वो भी एक नए अंदाज में।
4K में होगा शोले का प्रीमियर
आयोजकों ने बताया कि भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों में से एक 'शोले' को सिप्पी फिल्म्स के सहयोग से फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन द्वारा 4K में निर्मित किया गया है। यह फिल्म 9 से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सिडनी के भारतीय फिल्म महोत्सव (IFFS) में दिखाई जाएगी। साथ ही बताते चलें कि इसे विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (IFFM) की टीम द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।
यह खबर भी पढ़ें:
Thamma: बड़ी खबर लेकर कल आएगी ‘स्त्री’, ट्रेलर से पहले मेकर्स ने जारी किया ‘थामा’ का नया पोस्टर
'शोले एक फिल्म से कहीं अधिक है'
महोत्सव के निदेशक मीतू भौमिक लांगे ने अपने विचार प्रकट किए। उन्होंने कहा, ‘शोले एक फिल्म से कहीं अधिक है। यह भारतीय कहानी, स्मृति और मिथक के ताने-बाने में बुनी गई है। इतने वर्षों के बाद, इसके क्लाइमैक्स को वापस लाना, न केवल एक अलग अंतिम दृश्य को पुनर्स्थापित करना है, बल्कि निर्माताओं के एंगल को फिर से स्थापित करने जैसा है। 'शोले' के 50 वर्ष पूरे होने पर हम सिनेमा को चुनौती देने, टिके रहने के साहस का सम्मान करते हैं। हमें खुशी है कि सिडनी के दर्शक अब फिल्म को वैसे ही देखेंगे जैसे इसे हमेशा से देखा जाना चाहिए था।’
शोले फिल्म के बारे में
'शोले' एक एक्शन-एडवेंचर फिल्म है। इस फिल्म का निर्देशन रमेश सिप्पी ने किया है। इस फिल्म की कहानी की बात करें, तो यह फिल्म दो अपराधियों, वीरू (धर्मेंद्र) और जय (अमिताभ बच्चन) के बारे में है, जिन्हें एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी (संजीव कुमार) क्रूर डाकू गब्बर सिंह (अमजद खान) को पकड़ने के लिए नियुक्त करता है। इसी आधार पर कहानी आगे बढ़ती है। फिल्म में हेमा मालिनी ने बसंती की भूमिका निभाई है।