बीते दिनों दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 वर्ष की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। इस खबर से मनोरंजन जगत में शोक की लहर छा गई थी। तमाम सितारों ने अपने-अपने अंदाज में उन्हें श्रद्धांजलि प्रकट की थी। अब अभिनेता शेखर सुमन ने एक सेल्फी वीडियो साझा कर धरम जी को याद किया है। देखें वीडियो।
‘धरम जी बेमिसाल थे’
टीवी और फिल्मों की दुनिया के जाने-पहचाने अभिनेता शेखर सुमन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक सेल्फी वीडियो शेयर किया है। इसमें एक्टर ने कहा, ‘धरम जी बेहद खुशमिजाज इंसान और अपने आप में एक बेमिसाल शख्सियत थे। कहते हैं कि जब किसी इंसान का दिल साफ और खूबसूरत होता है, तो उसकी चमक उसके चेहरे पर झलकती है। धरमजी के लिए यह सच था। वह एक अनोखे व्यक्ति थे, सच्चे और ईमानदार। जो कुछ भी अंदर था, वह बाहर था।’
‘वो हमेशा जिंदा रहेंगे’
आगे उन्होंने कहा, 'क्रिकेट की तरह, जब कोई शानदार पारी खत्म करता है, भले ही वह आउट होकर पवेलियन वापस चला जाए। पूरा स्टेडियम खड़ा होकर उसके लिए तालियां बजाता है। धरम जी ने फिल्मों की दुनिया में शानदार पारी खेली थी। हमें उनके निधन का दुख है, लेकिन उन्होंने जो अविश्वसनीय जीवन जिया, उसके लिए हम सभी को खड़े होकर उन्हें सलाम करना चाहिए।’ इसके साथ ही एक्टर ने कहा, ‘धरम जी अपने काम और अपने किरदारों के जरिए हमेशा जिंदा रहेंगे।’
यह खबर भी पढ़ें:
De De Pyaar De 2: ‘मस्ती 4’ और ‘120 बहादुर’ पर भारी पड़ रही ‘दे दे प्यार दे 2’, 14वें दिन कमाए इतने करोड़
24 नवंबर को हुआ था निधन
धर्मेंद्र का 24 नवंबर को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। आज, 27 नवंबर को, मुंबई में देओल परिवार द्वारा दिवंगत सुपरस्टार के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया है।