ईशान खट्टर और विशाल जेठवा की फिल्म होमबाउंड को भले ही सिनेमाघरों में सफलता ना मिली हो लेकिन बॉलीवुड के 'किंग' शाहरुख खान ने निर्देशक नीरज घेवान की फिल्म ‘होमबाउंड’ की खुलकर तारीफ की है। सामाजिक संवेदनाओं को छूती इस फिल्म ने पहले ही देश-विदेश में पहचान बना ली है और अब शाहरुख की सराहना के बाद फिल्म को लेकर एक बार फिर चर्चा होने लगी है।
शाहरुख खान ने एक्स पर की तारीफ
शाहरुख खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म की तारीफ की। उन्होंने फिल्म को नरम, सच्ची और दिल से जुड़ी हुई कहानी बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म 'होमबाउंड' सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि इंसानियत और संवेदनाओं की जीत है। एसआरके ने निर्देशक नीरज घेवान के साथ-साथ पूरी कास्ट और प्रोडक्शन टीम को बधाई दी और कहा कि उन्होंने दुनिया भर में दर्शकों का दिल जीत लिया है।
करण जौहर ने दिया रिएक्शन
शाहरुख के इस पोस्ट को देखकर करण जौहर ने उन्हें धन्यवाद कहा। करण ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा- 'फिल्म को सपोर्ट करने के लिए दिल से शुक्रिया। बहुत खुशी हुई कि आपने देखी और तुरंत फिल्म को प्यार दे रहे हैं।'
सामाजिक मुद्दों को छूती कहानी
'होमबाउंड' की कहानी दो दोस्तों की है, जो महामारी के दौर में अपने घर लौटने की कोशिश करते हैं। इस सफर के दौरान फिल्म जाति, धर्म और सामाजिक भेदभाव जैसे मुद्दों को बेहद संवेदनशीलता के साथ सामने रखती है। फिल्म यह दिखाती है कि मुश्किल हालात में भी इंसान के भीतर करुणा और इंसानियत कैसे जिंदा रहती है।
दमदार कलाकारों की मौजूदगी
फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। तीनों कलाकारों के अभिनय की खासतौर पर तारीफ हुई है। ईशान खट्टर का संयमित अभिनय, विशाल जेठवा की गहराई और जाह्नवी कपूर का परिपक्व प्रदर्शन फिल्म को मजबूती देता है।
यह खबर भी पढ़ें: कौन हैं 'कातांरा चैप्टर 1' फेम रुक्मिणी वसंत? एक साल में दीं तीन बड़ी हिट, आज मना रहीं अपना 29वां जन्मदिन
फिल्म को मिली इंटरनेशनल पहचान
‘होमबाउंड’ को अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में जबरदस्त सराहना मिली। कान्स और टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में इसे स्टैंडिंग ओवेशन मिला। इतना ही नहीं, इस फिल्म को ऑस्कर 2026 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना गया है, जो भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
थिएटर से ओटीटी तक का सफर
'होमबाउंड' को मई 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था, जहां इसे दर्शकों और समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। हालांकि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास परफॉर्म नहीं किया था। इसके बाद नवंबर 2025 से यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध कराई गई, जिससे इसे और बड़ा दर्शक वर्ग मिला।