सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस
आज मंगलवार को फिल्म 'किंग' का पोस्टर जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस छिड़ गई है। एक वर्ग पोस्टर की आलोचना कर रहा है। कुछ इसकी तुलना रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर 2' से करने लगे हैं। वहीं, कुछ इसे 'धुरंधर' की 'कॉपी' बता रहे हैं। कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि फिल्म का यह पोस्टर एआई से बनाया गया है।
कब रिलीज होगी 'किंग'?
बता दें कि शाहरुख खान की 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके जरिए शाहरुख खान ने अपनी ब्लॉकबस्टर 'पठान' फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद के साथ काम किया है। 'किंग' के जरिए शाहरुख खान करीब तीन साल के अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। इससे पहले साल 2023 में उनकी तीन फिल्में आई थीं- 'पठान', 'जवान' और 'डंकी'।
- आज जारी हुए पोस्टर में शाहरुख खान ग्रे बालों और दाढ़ी वाले लुक में दिख रहे हैं। वे डिस्ट्रेस्ड लेदर जैकेट और बिना बटन वाली शर्ट के साथ रफ-टफ लुक में हैं। एक हाथ में बंदूक और दांतों के बीच लाल गुलाब पकड़े नजर आ रहे हैं।
- इसके साथ कैप्शन लिखा है, 'आज फिर याद आया... कातिल नहीं... आशिक हूं...।
- यह टैगलाइन उनकी 1990 की फिल्म "बादशाह" के टाइटल ट्रैक के शुरुआती लिरिक्स की याद दिलाती है।
पोस्टर पर यूजर्स ने क्या कहा?
किंग खान के फैंस फिल्म को लेकर उत्साहित हैं और इसका बॉक्स ऑफिस भविष्य बताते हुए कह रहे हैं कि यह ब्लॉकबस्टर होगी। वहीं, एक तबके ने पोस्टर की तुलना 'धुरंधर- द रिवेंज' से कर दी है। एक यूजर ने लिखा है, 'कुछ तो OG कर लो'। एक यूजर ने लिखा है, 'किंग फिल्म का पोस्टर एआई से बना लग रहा है'। एक अन्य यूजर ने लिखा, 'आप एस्थेटिक, आग और फ्रेम को कॉपी करने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन आप कभी धुरंधर नहीं बन सकते'। एक यूजर ने लिखा है, 'शाहरुख कॉपी करना भी ठीक से नहीं आता। चैट जीपीटी का या कोई अच्छा पेड टूल इस्तेमाल कर लेते हैं'। एक यूजर ने कहा, 'हर मास्टरपीस की सस्ती कॉपी होती है'।
'रेजिंग फायर' से भी कर दी तुलना
तुलना सिर्फ 'धुरंधर' के पोस्टर से ही नहीं रुकी, बल्कि कुछ यूजर्स को 'किंग' के पोस्टर और हॉन्ग किंग एक्शन स्टार डॉनी येन की 2021 की मूवी 'रेजिंग फायर' में समानताएं मिलीं। एक कमेंट में लिखा है, 'यह भी कॉपी कर ली'। 'किंग' की कास्ट की बात करें तो इसमें दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन और रानी मुखर्जी भी हैं।