शान ने साझा किया अपडेट
शान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया कि कैसे वह और उनका परिवार खतरनाक स्थिति से बच निकले। उन्होंने लिखा, 'प्रिय सभी प्रशंसक, जैसे ही हमारी इमारत में आग लगने की खबर फैली, बस आप सभी को यह बताना है कि हम सुरक्षित हैं। आग सातवीं मंजिल पर थी। हम ऊपरी मंजिलों पर रहते हैं। हम 15वीं मंजिल पर भागने में कामयाब रहे और बचाए जाने का इंतजार करने लगे। लंबी भयानक कहानी को छोटा करते हुए बताना चाहता हूं कि हम बिल्कुल ठीक हैं। दमकल विभाग से स्पष्ट तस्वीर आने के बाद घर वापस जाने का इंतजार कर रहे हैं।'
40 मिनट तक फंसे रहे शान
जब आग लगी तो शान सो रहे थे और जब तक उन्हें पता चला, तब तक बिल्डिंग में मौजूद ज्यादातर लोग नीचे जा चुके थे। उन्होंने यह भी बताया कि वह पड़ोसी के घर की 14वीं मंजिल पर लगभग 40 मिनट तक फंसे रहे, जब तक कि दमकलकर्मी आकर उन्हें नीचे नहीं ले गए। उन्होंने हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में भी बताया ,'आग रात करीब 12:30 बजे सातवीं मंजिल पर लगी। हम सो रहे थे और करीब एक बजे हमें जगाया गया। इमारत में सातवीं मंजिल और उससे नीचे के ज्यादातर लोग नीचे चले गए थे। हमें छत पर जाने के लिए कहा गया था, लेकिन चूंकि छत बंद थी और धुआं बढ़ रहा था, इसलिए हमने 14वीं मंजिल पर अपने पड़ोसी मिसेज काजी के घर में शरण ली। दुर्भाग्य से वे भी फंस गए थे। हम लगभग 40 मिनट तक वहां रहे जब तक कि फायरमैन ऊपर नहीं आए और हमें नीचे नहीं ले गए।'
इमारत को ज्यादा नुक्सान नहीं पहुंचा
शान ने कहा, 'सातवीं मंजिल पूरी तरह से आग से जल गई है। छठी और आठवीं मंजिल आंशिक रूप से जल गई है, लेकिन इमारत को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। हमारा घर ठीक है।' शान की पत्नी राधिका मुखर्जी ने भी इस चौंकाने वाली घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा, 'हम ठीक हैं। हमारा छोटा बेटा माही बाहर था और बड़े बेटा सोहम ने हमें जगाया। ऐसी स्थितियों में घबराहट होना लाजिमी है। एक परिवार के रूप में हमने जो पहली चीज की, वह थी सभी मुख्य बिजली के स्विच बंद करना और धुंए को कम से कम अंदर लेने के लिए अपने चेहरे को गीले कपड़े से ढकना। हमने ऊपरी मंजिलों पर जाने के लिए तीन प्रयास किए। शुरू में हम 15वीं मंजिल तक पहुंचने में कामयाब रहे, लेकिन धुआं इतना अधिक था कि हम आगे नहीं जा सके।'