वेश्यावृत्ति संबंधित अपराधों में दोषी
अमेरिकी म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय रैपर और बिजनेसमैन सीन 'डिडी' कॉम्ब्स को बुधवार को आए अदालत के फैसले में यौन तस्करी और रैकेट चलाने के आरोपों से बरी कर दिया गया। इस आरोपों में दोषी पाए जाने पर उन्हें आजीवन जेल की सजा हो सकती थी। वहीं, सीन 'डिडी' को वेश्यावृत्ति से संबंधित अपराधों में दोषी पाया गया है। अदालत की सुनवाई करीब सात हफ्ते चली, जिसके बाद यह फैसला आया है।
पांच में से तीन मामलो में बरी
संघीय आपराधिक मुकदमे में जूरी ने बुधवार को सीन 'डिडी' कॉम्ब्स के खिलाफ दायर पांच मामलों में से दो में उन्हें दोषी पाया, जबकि अन्य तीन मामलों में बरी कर दिया। 12 सदस्यीय पैनल ने कॉम्ब्स को रैकेटियरिंग और यौन तस्करी के आरोपों से बरी कर दिया, लेकिन वेश्यावृत्ति से संबंधित अपराधों के लिए दोषी पाया गया है।
अधिकतम 20 साल की सजा हो सकती है
फैसला सुनाए जाने के बाद, न्यायाधीश अरुण सुब्रमण्यन ने अदालत को स्थगित कर दिया। वे इस बात पर विचार कर रहे थे कि सजा सुनाए जाने से पहले कॉम्ब्स को जमानत दी जाए या नहीं। 'डिडी' को अगर रैकेटियरिंग या यौन तस्करी के आरोप में दोषी पाया जाता तो आजीवन कारावास की सजा हो सकती थी। वहीं, अब जिन मामलो में रैपर को दोषी पाया गया है, उनमें अधिकतम 20 साल जेल की जेल हो सकती है।
फैंस में खुशी
अदालत के फैसले के बाद वकील इस बात पर बहस कर रहे हैं कि क्या सितंबर से जेल में बंद कॉम्ब्स को एक मिलियन की जमानत पर रिहा किया जा सकता है? वहीं, कॉम्ब्स के फैंस अदालत के इस फैसले को उनके लिए एक बड़ी जीत के रूप में देख रहे हैं। अदालत का फैसला आ गया है। लेकिन कॉम्ब्स पर यौन उत्पीड़न के कई मुकदमे अब भी हैं, भले ही वे जेल से रिहा हो जाएं।