तमिलनाडु की राजनीति में जब भी किसी फिल्मी सितारे के कदम रखने की चर्चा होती है, तो सबसे पहले साउथ के बड़े सितारों का नाम सामने आता है। खासकर अभिनेता विजय के राजनीति में आने के बाद से यह सवाल और भी चर्चा में है कि क्या आने वाले समय में कोई दूसरा बड़ा स्टार भी सियासी मैदान में उतर सकता है।
इसी बीच अभिनेता सूर्या के राजनीति में आने को लेकर भी लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, अब खुद सूर्या ने इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि फिलहाल उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है।
सूर्या
- फोटो : इंस्टाग्राम@jyotika
राजनीति में आने को लेकर क्या बोले सूर्या?
दरअसल, सूर्या 8 नवंबर को चेन्नई में दिवाली वाले दिन अपनी फिल्म 'सीन' से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उनसे राजनीति में आने की संभावनाओं को लेकर सवाल किया गया। इस पर अभिनेता ने कहा, 'मैं राजनीति में नहीं आने वाला हूं। इसका मतलब यह नहीं है कि मुझे राजनीति से नफरत है। मैं चुपचाप और करीब से राजनीति को देख रहा हूं।'
अभिनेता ने आगे कहा कि राजनीति में आने से पहले उसके बारे में पूरी जानकारी होना और उसकी जिम्मेदारियों को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिना रास्ता जाने वह राजनीति में कदम नहीं रखेंगे। सूर्या के मुताबिक, जो लोग सच में जनता की सेवा करना चाहते हैं, वे राजनीति में आ सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें इस क्षेत्र की चुनौतियों को भी समझना होगा।
सीन
- फोटो : यूट्यूब
शिक्षा और भ्रष्टाचार पर भी रखी अपनी बात
सूर्या ने इस दौरान शिक्षा, भ्रष्टाचार और समाज में बदलाव लाने के लिए हर व्यक्ति की जिम्मेदारी पर भी बात की। उन्होंने कहा कि समाज की कई समस्याओं का समाधान शिक्षा के जरिए किया जा सकता है। ऐसे में राजनीतिक नेताओं को शिक्षा को ज्यादा प्राथमिकता देनी चाहिए।
भ्रष्टाचार को लेकर अभिनेता ने कहा, 'भ्रष्टाचार को कोई तीसरा व्यक्ति खत्म नहीं कर सकता। हर व्यक्ति को अपने भीतर इस लड़ाई को लड़ना होगा।'
सीन
- फोटो : सोशल मीडिया
सामाजिक कामों को लेकर रखी अपनी बात
सूर्या ने अपने सामाजिक कामों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने साफ किया कि उनके फाउंडेशन के जरिए किए जा रहे काम राजनीति में आने की किसी महत्वाकांक्षा का हिस्सा नहीं हैं। अभिनेता ने कहा, 'मैं हमारे काम को सेवा नहीं कहूंगा। यह हमारी जिम्मेदारी है।'
इसके साथ ही उन्होंने जरूरतमंद छात्रों को शिक्षा हासिल करने में मदद करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। बता दें कि सूर्या लंबे समय से फाउंडेशन के जरिए शिक्षा से जुड़े काम कर रहे हैं। उनका यह सामाजिक योगदान और बड़ी फैन फॉलोइंग अक्सर उनके राजनीति में आने की अटकलों की वजह बनती रही है।
फिल्म 'सीन' को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया
वर्कफ्रंट की बात करें, तो सूर्या इन दिनों अपनी फिल्म 'सीन' की सफलता का आनंद ले रहे हैं। जित्थू माधवन के निर्देशन में बनी इस एक्शन-कॉमेडी फिल्म में उनके साथ नजरिया नाजिम और नसलेन भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म को सिनेमाघरों में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और यह इस साल की बड़ी बॉक्स ऑफिस सफलताओं में शामिल हो गई है।