पहला पार्ट कर रहा अच्छा प्रदर्शन
फिल्म 'सनम तेरी कसम' साल 2016 में रिलीज हुई थी। तब इस फिल्म को भाव नहीं मिले थे, लिहाजा बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई। हाल ही में वैलेंटाइन डे के अवसर पर इसे री-रिलीज किया गया है और इस बार फिल्म ने मानो दर्शकों पर जादू कर दिया है। हर्षवर्धन राणे और मावरा हुसैन अभिनीत रोमांटिक फिल्म के सीक्वल की रिलीज पर भी निर्देशकों ने संकेत दे दिया है।
अगले साल वैलेंटाइन डे पर मिलेगा तोहफा
हाल ही में एक इंटरव्यू में फिल्म 'सनम तेरी कसम' के निर्देशकों ने खुलासा किया कि फिल्म का दूसरा पार्ट लगभग तैयार है। इसे अगले साल वैलेंटाइन डे के अवसर पर रिलीज किया जा सकता है। इंडिया फोरम से बातचीत में फिल्म राधिका राव और विनय सप्रू ने बताया कि पहली किस्त लिखते समय कहानी की कल्पना दो भागों में की गई थी। उन्होंने बताया कि दूसरा भाग पहले से ही तैयार है। वे इसे लेकर भी स्पष्ट हैं कि दूसरे भाग में इंदर (हर्षवर्धन राणे) की यात्रा कहां जाएगी।
जल्द होगी आधिकारिक घोषणा
निर्देशकों ने खुलासा किया कि 'सनम तेरी कसम 2' की स्क्रिप्ट कुछ समय से तैयार है और इस बात पर जोर दिया कि इस वैलेंटाइन डे पर पहली फिल्म की दोबारा रिलीज को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए, वे अगले वैलेंटाइन डे यानी साल 2026 के फरवरी तक सीक्वल ला सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि सीक्वल के ज्यादातर गाने लगभग पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि 'सनम तेरी कसम 2' पर काम तेजी से हो रहा है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
री-रिलीज में फिल्म का उम्दा प्रदर्शन
फिल्म 'सनम तेरी कसम' को 07 फरवरी 2025 को री-रिलीज किया गया। उसी दिन दो और फिल्में- 'लवयापा' और 'बैडएस रवि कुमार' भी रिलीज हुईं। दोनों नई फिल्मों से मुकाबला होते हुए भी 'सनम तेरी कसम' को शानदार प्रतिक्रिया मिली। इस फिल्म ने महज दो दिनों में अपनी मूल रिलीज के दौरान किए गए लाइफटाइम कारोबार को पीछे छोड़ दिया। साल 2016 में इस फिल्म ने सिर्फ 9 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, री-रिलीज के दौरान यह फिल्म अब तक 15.50 करोड़ रुपये कमा चुकी है।