समय रैना ने यूट्यूब पर ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जो अब तक दुनिया का कोई दूसरा क्रिएटर नहीं बना सका। कॉमेडियन के चैनल के मेंबर्स की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है। यूट्यूब ने खुद इस उपलब्धि की पुष्टि की है।
विज्ञापन
खास बात यह है कि समय ने यह मुकाम ऐसे वक्त में हासिल किया है, जब 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद के बाद उनके करियर में काफी उतार-चढ़ाव आए। विवाद, आलोचना और शो बंद होने के बाद समय ने एक बार फिर वापसी की और अब उनके नाम यूट्यूब पर एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
Trending Videos
समय रैना
- फोटो : सोशल मीडिया
यूट्यूब ने की समय की वापसी
गूगल इंडिया के ब्लॉग पर यूट्यूब ने समय रैना की इस उपलब्धि का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने अपने कंटेंट के जरिए एक मजबूत कम्युनिटी बनाई है। यूट्यूब ने समय की तारीफ करते हुए लिखा, 'ग्रैंडमास्टर्स के साथ मजेदार बातचीत से लेकर इंडियाज गॉट लेटेंट को एक बड़े शो में बदलने तक, समय रैना ने अपने यूट्यूब चैनल को लाखों लोगों के लिए एक खास ऑनलाइन ठिकाना बना दिया है।'
समय की यह उपलब्धि भारत में कंटेंट क्रिएटर्स के लिए बढ़ते पेड मेंबरशिप ट्रेंड को भी दिखाती है। यूट्यूब के मुताबिक, जून 2026 में भारत के 12 लाख से ज्यादा लोगों ने कम से कम एक चैनल की मेंबरशिप खरीदी। वहीं, भारतीय क्रिएटर्स की मेंबरशिप से होने वाली कमाई में पिछले साल के मुकाबले 25 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई।
समय रैना
- फोटो : सोशल मीडिया
'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद के बाद बदला करियर
समय रैना के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि 2025 में 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को लेकर हुए विवाद के बाद उनका करियर मुश्किल दौर से गुजरा था। फरवरी 2025 में शो के एक एपिसोड में यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर के विवादित मजाक के बाद काफी हंगामा हुआ था। मामले में समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया और शो में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हुईं। बाद में शो से जुड़े लोगों ने माफी भी मांगी।
विवाद के बाद समय ने अपने यूट्यूब चैनल से 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के सभी एपिसोड हटा दिए थे। हालांकि, उन्होंने जल्द ही वापसी की। समय अपने स्टैंडअप स्पेशल 'स्टिल अलाइव' के साथ दर्शकों के सामने आए। इसके बाद 2026 में उन्होंने 'इंडियाज गॉट लेटेंट' का दूसरा सीजन भी शुरू किया, जो इस बार नेटफ्लिक्स के साथ आया।
शो की वापसी को लेकर भी थे परेशान
समय रैना ने शो के दूसरे सीजन के फिनाले में बताया था कि विवाद के बाद वह किस मुश्किल दौर से गुजरे थे। उन्होंने यह भी बताया कि उस दौरान शो की वापसी को लेकर वह चैटजीपीटी से सवाल किया करते थे।
समय ने कहा, 'जब हम कनाडा में थे, तब मैं डिप्रेशन में था। मैं चैटजीपीटी से पूछता था कि समय रैना आखिर कब अपना शो वापस ला पाएगा? चैटजीपीटी जवाब देता था कि अभी कुछ कहना मुश्किल है। फिर मैं लिखता था, प्लीज हां कह दो। मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि शो इस तरह वापस आएगा।'
यूट्यूब पर 1.24 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स
समय रैना के यूट्यूब चैनल पर फिलहाल 1.24 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। अब 10 लाख चैनल मेंबर्स का आंकड़ा पार कर उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बना लिया है। विवाद के बाद वापसी करते हुए इस मुकाम तक पहुंचना समय के लिए बड़ी उपलब्धि है।