कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने शो को लेकर विवादों में हैं। उनके शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के दूसरे सीजन के एक एपिसोड में की गई टिप्पणी पर मौलाना कारी इशाक गोरा ने अपनी नाराजगी जताई है।
समय रैना ने की विवादित टिप्पणी
यह मामला शो में शामिल हुईं एक महिला कंटेस्टेंट भाग्यश्री तार्के से जुड़ा है, जो अपने मशहूर काल्पनिक थिएटर किरदार सलमा दीवानी के रूप में शो में आई थीं।
शो के दौरान समय रैना ने कंटेस्टेंट से पूछा कि वह किसके साथ आई हैं। उन्होंने जवाब दिया कि वह अपने कजिन (चचेरे/ममेरे भाई-बहन) के साथ आई हैं, जो मुंबई में रहते हैं। इस पर गेस्ट जज हुमा कुरैशी ने पूछा कि कौन सा कजिन? इस पर समय रैना ने विवादित टिप्पणी की।
इंडियाज गॉट लेटेंट
- फोटो : सोशल मीडिया
यूजर्स ने जताई आपत्ति
शो में मौजूद लोग उनकी इस टिप्पणी पर हंसे। हालांकि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद, कई यूजर्स ने इस पर आपत्ति जताई। यूजर्स का आरोप है कि इस तरह के मजाक खास समुदाय के बारे में गलत धारणाओं को बढ़ावा देते हैं। कुछ लोगों ने समय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की है।
मौलाना कारी इशाक गोरा ने जताई नाराजगी
सहारनपुर की 'जमीयत दावत-उल-मुस्लिमीन' के सरपरस्त मौलाना कारी इशाक गोरा ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि समय रैना पहले भी विवादों में रह चुके हैं। एक कॉमेडी शो में एक महिला ने कहा कि वह अपने कजिन के साथ आई है। इस पर समय ने तंज कसते हुए पूछा, 'कजिन का मतलब पति?'
इंडियाज गॉट लेटेंट
- फोटो : सोशल मीडिया
क्या है मौलाना का आरोप?
- मौलाना ने कहा कि कुछ कॉमेडियन्स को यह नहीं पता होता कि वे क्या कह रहे हैं या अपनी बातों से वे किस हद तक मर्यादा लांघ रहे हैं।
- उन्होंने कहा कि मजाक करने और किसी का मजाक उड़ाने में फर्क होता है। समय को अपने पिछले विवादों से सबक लेना चाहिए।
- मौलाना ने आरोप लगाय है कि समय की टिप्पणी खास समुदाय में कजिन (चचेरे/ममेरे भाई-बहन) के बीच शादी करने की परंपरा की ओर इशारा करती है।
- मौलाना के अनुसार जो कॉमेडियन बोलने से पहले अपने शब्दों पर विचार नहीं करते, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
- उन्होंने कहा, 'कुछ भी बोलने से पहले इंसान को अपने शब्दों को तौल लेना चाहिए।'