बीते दिनों बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर में घुसने का प्रयास करने की हुईं दो अलग-अलग घटनाओं के बाद अब मुंबई पुलिस इस मामले में बड़ा एक्शन लेने की प्लानिंग कर रही है। मुंबई पुलिस के अधिकारी के मुताबिक, अब पुलिस सलमान के घर आने वालों की आते और जाते समय चेकिंग करने और मेहमानों पर कड़ी निगरानी रखने की तैयारी कर रही है। यही नहीं अब एक्टर के घर के आस-पास भी नजर आने वालों पर पुलिस सख्त नजर रखेगी।
बिल्डिंग में रहने वालों से करानी होगी पहचान
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाल ही में हुई इन घटनाओं के बाद अब सलमान के बांद्रा स्थिति गैलेक्सी अपार्टमेंट में आने वालों की आते-जाते समय चेकिंग की जाएगी। साथ ही एक्टर की सुरक्षा भी बढ़ाए जाने की योजना बनाई जा रही है। अधिकारी ने कहा कि चूंकि यह एक निजी इमारत है, इसलिए हर आने वाले की जांच करना एक चुनौती हो सकती है। जानकारी ये भी आ रही है कि अब नए गेस्ट्स को बिल्डिंग में एंट्री करने के लिए बिल्डिंग के निवासियों से अपनी पहचान करानी होगी।
दो दिनों में दो घटनाओं के बाद सतर्क हुई पुलिस
जाहिर है कि बीते दिनों दो दिनों के अंदर दो बार सलमान खान के घर में घुसने का अंजान लोगों ने प्रयास किया। हालांकि, बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इन घटनाओं के सामने आने के बाद ही पुलिस एक्टिव हुई है और सलमान की सुरक्षा को और भी पुख्ता करने की तैयारी में लगी है।
यह खबर भी पढ़ेंः Salman Khan: कौन है सलमान के फ्लैट तक पहुंचने वाली ईशा छाबड़िया ? पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
सलमान को मिली है Y+ कैटेगरी की सिक्योरिटी
पिछले साल अप्रैल में बिश्नोई गिरोह के सदस्यों द्वारा कथित तौर पर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर कई राउंड फायरिंग की गई थी। जिसके बाद ही सलमान को प्रदेश सरकार द्वारा Y+ कैटेगरी की सिक्योरिटी मिली हुई है। इसके बावजूद हुई इन घटनाओं ने सुरक्षा पर सवाल उठा दिए हैं।