अचानक क्यों चर्चा में आई बांद्रा वाली प्रॉपर्टी?
बांद्रा वाली प्रॉपर्टी एक बार फिर चर्चा में आई है और चर्चा आने की वजह है कि महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) ने इसके पुनर्निर्माण के प्रस्ताव की मंजूरी को लेकर सिफारिश की है। इस प्रस्ताव के कारण इस प्रॉपर्टी पर निर्माण कार्य हो पाएगा। बीते 16 जून को अथॉरिटी की 198वीं बैठक में इस प्रस्ताव को लेकर चर्चा हुई। इंडिया टुडे को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस प्रोजेक्ट में बांद्रा (पश्चिम) में एक रिहायशी प्रॉपर्टी का रीडेवलपमेंट शामिल है। इस जगह पर पहले मौजूद एक पुरानी इमारत को जरूरी मंजूरी मिलने के बाद पहले ही गिरा दिया गया है।
छह मंजिला घर बनाने की प्लानिंग?
खान परिवार की योजना इस जमीन पर छह मंजिला सी-फेसिंग रेजिडेंस बनाने की है। महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी ने कोस्टल रेगुलेशन जोन के नियमों के हिसाब से इस प्रस्ताव की सिफारिश की है। आगे की मंजूरी के लिए संबंधित प्लानिंग अथॉरिटी को अप्रोच किया जाएगा। अथॉरिटी ने बताया कि ये प्रॉपर्टी CRZ-II जोन में आती है, जिसके मुताबिक मौजूदा नियमों के तहत री-डेवलपमेंट की इजाजत है। अथॉरिटी ने जमीन के मालिकाना हक को लेकर डॉक्यूमेंट्स मांगे, जिसके बाद प्रोजेक्ट प्रमोटरों ने जरूरी दस्तावेज जमा किए और फिर प्रस्ताव की सिफारिश की गई।
जानिए शिफ्ट होने के दावों की सच्चाई
ऐसी खबरें हैं कि नया बंगला तैयार होने पर एक्टर और उनका परिवार वहां शिफ्ट हो सकता है, लेकिन सूत्रों के अनुसार बांद्रा वाली प्रॉपर्टी लंबे समय से परिवार के रियल एस्टेट पोर्टफोलियो का हिस्सा रही है और अब जाकर इसके रीडेवलपमेंट का काम शुरू हो रहा है। कंस्ट्रक्शन के समय को लेकर अभी कोई साफ जानकारी नहीं है। और न ही इस बात की कोई पुष्टि हुई है कि सलमान खान और उनका परिवार अपने मौजूदा घर से कहीं और शिफ्ट होंगे। सलमान खान कई वर्षों से गैलेक्सी अपार्टमेंट में रह रहे हैं। ईद और उनके जन्मदिन के मौके पर भी बड़ी संख्या में वहां फैंस जुटते हैं।