ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म का दर्शकों को बड़ी बेसब्री से इंतजार है। हाल ही में अभिनेता ने फिल्म की शूटिंग से जुड़ी कुछ बातों का खुलासा किया है। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे नॉनवेज बैन के पोस्टर पर भी अपनी राय रखी है। आइए जानते हैं अभिनेता न क्या कहा।
फिल्म के लिए छोड़ा नॉनवेज
हाल ही में ऋषभ शेट्टी ने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने 'कांतारा चैप्टर 1' फिल्म में खुद के समर्पित किरदार पर प्रकाश डाला। अभिनेता ने कहा, ‘उस समय, मैंने नॉनवेज नहीं खाया और न ही जूते पहने क्योंकि मुझे मन की स्पष्टता चाहिए थी। यह पूरी फिल्म के लिए नहीं, बल्कि कुछ दृश्यों के लिए था। मैंने यह फैसला अपने ईश्वर के लिए लिया, जिन्हें मैं मानता हूं।’
‘सम्मान की उम्मीद करता हूं’
आगे उन्होंने कहा, ‘आमतौर पर सेट पर हजारों लोग होते हैं। चूंकि ये सीन करना आसान नहीं होता, इसलिए मैं ज्यादा सावधान था। मैं किसी के भरोसे पर सवाल नहीं उठाना चाहता था। मैं सबके भरोसे का सम्मान करता हूं। बदले में मुझे भी इसी सम्मान की उम्मीद है।’
यह खबर भी पढ़ें:
Vijay: भगदड़ मामले पर विजय ने जताया दुख, मृतकाें को देंगे 20 लाख मुआवजा; यूजर्स ने पूछा- रैली से भागे क्यों?
नॉनवेज बैन वायरल पोस्टर पर क्या बोले अभिनेता?
सोशल मीडिया पर एक पोस्टर वायरल हो रहा है, जिसमें कहा गया है कि दर्शकों को 'कांतारा चैप्टर 1' फिल्म देखने से पहले नॉनवेज भोजन नहीं करना चाहिए। ऋषभ शेट्टी ने स्पष्ट किया कि यह कोई आधिकारिक पोस्टर नहीं है, बल्कि एक किसी फैन द्वारा बनाया गया है। उन्होंने कहा, ‘हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है। हमें किसी की व्यक्तिगत खान-पान की आदतों या रीति-रिवाजों की आलोचना करने का कोई अधिकार नहीं है।’
कब रिलीज होगी फिल्म?
‘कांतारा चैप्टर 1’ साल 2012 में आई फिल्म ‘कांतारा’ के बाद इस सीरीज की अगली फिल्म है। यह फिल्म सिनेमाघरों में 2 अक्तूबर को रिलीज हो रही है। यह फिल्म कन्नड़ के अलावा हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी।