गोविंदा से मिलने अस्पताल पहुंचीं रवीना टंडन
- फोटो : एएनआई
अभिनेत्री रवीना टंडन बुधवार को गोविंदा का हाल जानने अस्पताल पहुंचीं। अभिनेता से मिलने के बाद रवीना ने उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी साझा की। बता दें कि मंगलवार की सुबह अपने मुंबई के जुहू स्थित आवास पर अपने ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से घायल हो गए। उनके पैर में गोली लग गई। गोली लगने के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सर्जरी के बाद गोली निकाल ली गई और अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
क्या कहा रवीना ने?
अभिनेत्री रवीना टंडन ने गोविंदा से मिलने के बाद एएनआई से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी साझा की। अभिनेत्री ने कहा, ‘वह बेहतर दिख रहे हैं। वह ठीक हो रहे हैं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’ अभिनेत्री रवीना टंडन और गोविंदा ने कई हिट फिल्मों में काम किया है। यह जोड़ी 90 के दशक की सबसे बड़ी हिट मानी जाती है। इस जोड़ी को दर्शकों का बहुत प्यार मिला है। दोनों ने साथ में ‘आंटी नंबर 1’, ‘दूल्हे राजा’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ जैसी कई हिट फिल्में दी हैं।
इस दिन रिलीज होगा 'जिगरा' का गाना 'तेनु संग रखना', प्रोमो जारी
डेविड धवन ने की थी मुलाकात
रवीन से मंगलवार को डेविड धवन भी अस्पताल पहुंचे। निर्देशक और गोविंदा ने ‘हीरो नंबर 1’, ‘कुली नंबर 1’, ‘राजा बाबू’, ‘पार्टनर’ और ‘दीवाना मस्ताना’ जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया है। वहीं, गोविंदा की पत्नी सुनीता ने मीडिया से बात की और शुभचिंतकों के प्रति उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और सभी को आश्वस्त किया कि गोविंदा ठीक हो रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘वह बेहतर हैं। हम उन्हें आज सामान्य वार्ड में भर्ती करेंगे। वह कल से काफी बेहतर हैं। उन्हें परसों छुट्टी दे दी जाएगी। सभी की दुआओं से वह ठीक हो गए हैं। उनके बहुत सारे प्रशंसक हैं, इसलिए लोग उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। मैं प्रशंसकों से कहना चाहूंगी कि वे घबराएं नहीं, वह ठीक हैं।’
गोविंदा ने जारी किया ऑडियो संदेश
घटना के कुछ घंटो बाद अभिनेता गोविंदा ने एक एक ऑडियो संदेश जारी कर उनका इलाज करने वाले डॉक्टर और उनके शुभचिंतकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘नमस्ते, मैं गोविंदा हूं। मेरे प्रशंसकों, मेरे माता-पिता और भगवान के आशीर्वाद से मैं अब बेहतर महसूस कर रहा हूं। मुझे गोली लगी थी, जो अब निकाल दी गई है। मैं यहां के डॉक्टर डॉ. अग्रवाल जी का धन्यवाद करता हूं। मैं आप सभी की प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद देता हूं।’
Bigg Boss 18 Contestant List: बिग बॉस 18 के लिए इन सितारों के नाम पर लगी मुहर, भाईजान के शो में मचाएंगे धमाल