अभिनेता विजय देवरकोंडा से सगाई और शादी की तारीखें तय होने की चर्चाओं के बीच, रश्मिका मंदाना की आगामी फिल्म की रिलीज डेट सामने आ गई है। रश्मिका मंदाना और दीक्षित शेट्टी स्टारर फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी वक्त से उत्साह बना हुआ था। अब मेकर्स ने आज फिल्म की रिलीज डेट घोषित कर दी है। जानिए कब सिनेमाघरों में आ रही है यह फिल्म?
रश्मिका ने शेयर किया टीजर
रश्मिका मंदाना ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा के साथ ही एक टीजर भी शेयर किया है। इसके साथ ही रश्मिका ने ये भी बता दिया है कि ‘द गर्लफ्रेंड’ 7 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म तेलुगु, तमिल, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम भाषा में रिलीज होगी। फिल्म का टीजर शेयर करते हुए रश्मिका ने कैप्शन में लिखा, ‘मुझे पता है आप लोग इसका इंतजार कर रहे थे और ये आ गया। ‘द गर्लफ्रेंड’ 7 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।’
रश्मिका ने पूछा- कैसे पता चलता है कौन किसके लिए सही है?
फिल्म के 1 मिनट 49 सेकंड के टीजर में रश्मिका एक रेस्टोरेंट में अपने दीक्षित शेट्टी के साथ बैठी हैं। दीक्षित ऑर्डर देते हैं और रश्मिका पूछती हैं: ‘हम सबका एक टाइप होता है, है ना विक्रम? क्या मैं तुम्हारे टाइप की हूं? तुम कैसे तय करते हो कि दो लोग एक-दूसरे के लिए बने हैं? सबसे जरूरी बात उन्हें इसका पता कब चलता है?’ इस पर विक्रम कहते हैं, ‘मुझे मत बताओ कि तुम अचानक सोच रही हो कि क्या मैं तुम्हारे लिए सही हूं।’ रश्मिका जवाब देती हैं, ‘मैं भी सोच रही हूं कि क्या मैं तुम्हारे लिए सही हूं। लोग कई वजहों से रिश्ते बनाते हैं। लेकिन कितनों को यह कंफर्म नहीं होता ?’ इस पर दीक्षित पहले रश्मिका और फिर कैमरे की ओर देखते हुए पूछते हैं, ‘क्या तुम्हें भी?’