अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने सगाई कर ली है। अगले साल फरवरी में दोनों की शादी होगी। विजय की टीम की तरफ से रश्मिका और उनकी सगाई की बात की पुष्टि हो चुकी है। दोनों की सगाई की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस बीच रश्मिका का एक इंटरव्यू की चर्चा तेजी से हो रही है।
'प्यार की ताकत से पार्टनर को बदलना पॉसिबल'
इस साल की शुरुआत में रश्मिका मंदाना से बरखा दत्त की बातचीत के बीच एक फैन ने सवाल किया था कि क्या वे 'एनिमल' फिल्म के रणविजय (रणबीर कपूर के किरदार) जैसे शख्स को डेट करेंगी? इस सवाल पर रश्मिका के जवाब ने सभी को हैरान कर दिया। अभिनेत्री ने कहा, 'मेरा सचमुच मानना है कि अगर आप किसी से प्यार करते हैं और कोई आपसे प्यार करता है, तो बदलाव जरूर आएगा'।
रश्मिका ने उदाहरण देकर समझाई बात
बरखा दत्त ने पूछा, "क्या आपको सचमुच लगता है कि आप लोगों को बदल सकते हैं'? इस पर रश्मिका ने कहा, 'मैंने ऐसा इसलिए कहा क्योंकि जब आप किसी साथी या छोटी उम्र के व्यक्ति के साथ बड़े होते हैं तब आप एक पर्सनैलिटी को भी फॉर्म कर रहे होते हैं। आप अभी भी यह तय कर रहे होते हैं कि आपको क्या पसंद है और क्या नहीं। और जब आप साथ-साथ बड़े होते हैं'। रश्मिका ने आगे कहा, 'जब आपको याद आता है कि आपका सबसे अच्छा दोस्त या आपका पार्टनर एक दशक पहले कैसा था और अचानक आज वह कैसा इंसान बन गया है, तो आप सोचते हैं। क्या आपको याद है कि वह कैसा था? और क्या आपको एहसास है कि हम साथ मिलकर कितने बदल गए हैं'? हालांकि, रश्मिका ने आगे कहा कि 'शायद मैं बस उन चमत्कारी पार्टनर्स और परिस्थितियों की बात कर रही हूं'।
रश्मिका मंदाना का वर्क फ्रंट
रश्मिका मंदाना का यह जवाब काफी वायरल हुआ था। रश्मिका की सगाई और 2026 में शादी की खबरों के बीच उनका यह जवाब एक बार फिर सामने आया है। रश्मिका मंदाना के वर्क फ्रंट की बात करें तो वे फिल्म 'थामा' में नजर आएंगी। इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म में आयुष्मान खुराना लीड रोल में हैं। फिल्म 21 अक्तूबर को रिलीज होगी।