असम पुलिस ने आज तलब किया
विभिन्न राज्यों में दर्ज कराई गई शिकायतों में रणवीर पर अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है, जिससे जनता में आक्रोश फैल गया है। एएनआई के अनुसार, अधिवक्ता अभिनव चंद्रचूड़ ने शुक्रवार (14 फरवरी) को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष मामले के बारे में बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हैं और असम पुलिस ने उन्हें आज तलब किया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मामले में पहले ही तारीख दी जा चुकी है।
दो-तीन दिनों में होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि यूट्यूब पर एक कार्यक्रम के दौरान कथित अश्लील टिप्पणियों को लेकर उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकियाें के खिलाफ रणवीर इलाहाबादिया की याचिका पर दो-तीन दिनों में सुनवाई की जाएगी। मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ ने यूट्यूबर की ओर से पेश अभिनव चंद्रचूड़ से कहा कि वह तत्काल लिस्टिंग के लिए मामलों का मौखिक उल्लेख करने की अनुमति नहीं देता है।
कोर्ट का बयान
जब चंद्रचूड़ ने कहा कि असम पुलिस ने दिन के दौरान जांच में शामिल होने के लिए रणवीर को बुलाया है तो सीजेआई ने कहा, 'मैंने पीठ को काम सौंपा है और यह दो-तीन दिनों में (पीठ के समक्ष) आएगा'। असम पुलिस की एक टीम समय रैना को उनके अब हटाए गए यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को लेकर उत्तर-पूर्वी राज्य में दर्ज एक मामले के सिलसिले में समन जारी करने के लिए पुणे में है। समय रैना का पुणे के बालेवाड़ी में घर है।
समय ने डिलीट किए सभी वीडियो
समय रैना ने बुधवार को पहली बार इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ी। हालांकि, उन्होंने अब तक माफी नहीं मांगी है। एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए समय रैना ने लिखा, 'जो कुछ भी हो रहा है, उसे संभालना मेरे लिए बहुत मुश्किल है। मैंने अपने चैनल से इंडियाज गॉट लेटेंट के सभी वीडियो हटा दिए हैं। मेरा एकमात्र उद्देश्य लोगों को हंसाना और उन्हें अच्छा समय देना था। मैं सभी एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनकी जांच निष्पक्ष रूप से पूरी हो। धन्यवाद।'