निर्माता नमित मल्होत्रा ने साझा किया पोस्ट
फिल्म 'रामायण' के निर्माता नमित मल्होत्रा ने इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट शेयर किया है। इसके जरिए उन्होंने यह जानकारी साझा की है कि सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ उनका कोलैब हुआ है। निर्माता ने लिखा है, 'आज हमारी 'रामायण' के लिए एक बहुत खास पल है। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ हमारी पार्टनरशिप से 'रामायण' को दुनियाभर में ले जाने का मेरा सपना अब सच हो रहा है। इसी वजह से, हम अब अपना ट्रेलर बाद में दुनियाभर में लॉन्च करेंगे। भारतीय सिनेमा के 100 से अधिक वर्षों के इतिहास में यह गर्व का पल होगा, जब रामायण को किसी बड़ी ग्लोबल हॉलीवुड फिल्म की तरह पूरी दुनिया को दिखाया जाएगा'।
उन्होंने आगे लिखा है, 'इससे दुनिया भर के लोगों के लिए हमारी संस्कृति और हमारी कहानियों की खूबियों को जानने का दरवाजा खुलेगा। इसे मुमकिन बनाने में मदद करने के लिए मैं रामायण के सभी फैंस और इसमें यकीन रखने वालों का शुक्रिया अदा करता हूं। हमारे देश के युवा ही हमारा भविष्य हैं। आइए हम सब मिलकर अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए अपनी बेहतर कोशिश करें। जय हिंद'।
क्या CJP प्रोटेस्ट के कारण टाला गया?
अचानक 'रामायण' का ट्रेलर पोस्टपोन होने के बाद ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि शायद भारत में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नीट परीक्षा लीक मामले को लेकर चल रहे प्रदर्शन के चलते ऐसा हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यह प्रदर्शन चल रहे हैं और अब मुंबई व अन्य शहरों में भी लोगों ने आवाज उठानी शुरू कर दी है। ऐसे में अटकलें हैं कि छात्र आंदोलन के चलते मेकर्स ने ट्रेलर की रिलीज डेट टाल दी। मगर, इसकी संभावना कम ही है। ट्रेलर टाले जाने की एक और वजह नजर आ रही है।
क्या 'स्पाइडर-मैन- ब्रांड न्यू डे' के साथ रिलीज होगा ट्रेलर?
नमित मल्होत्रा ने अपनी पोस्ट में चूंकि सोनी पिक्टर्स के साथ कोलैब का जिक्र किया है। ऐसे में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल्म का ट्रेलर अब 'स्पाइडर-मैन- ब्रांड न्यू डे' के साथ दुनियाभर में रिलीज किया जा सकता है। दरअसल, टॉम हॉलैंड और जेंडाया अभिनीत इस हॉलीवुड फिल्म के वितरण का जिम्मा सोनी के पास हैं। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि 31 जुलाई को फिल्म की रिलीज के साथ सिनेमाघरों में 'रामायण' का ट्रेलर अटैच किया जाएगा। हालांकि, मेकर्स की तरफ से या किसी आधिकारिक सूत्र से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। यह भी बता दें कि नमित मल्होत्रा ने ट्रेलर रिलीज की अगली तारीख का खुलासा भी अभी नहीं किया है।
ट्रेलर पोस्टपोन होने से फैंस निराश, बोले- 'भावनाओं से खेला जा रहा'
'रामायण' का ट्रेलर अचानक पोस्टपोन होने से दर्शकों और रणबीर कपूर के फैंस निराश हैं। बता दें कि भारत में ट्रेलर आज शुक्रवार सुबह आठ बजे ट्रेलर रिलीज होना था। मगर, टाले जाने के बाद नमित मल्होत्रा के पोस्ट पर नेटिजंस रिएक्शन दे रहे हैं और लिखा रहे हैं, 'आप भावनाओं के साथ खेल रहे हैं। ट्रेलर आज ही रिलीज कीजिए'। एक यूजर ने लिखा है, 'ट्रेलर के चक्कर में रातभर नहीं सोया था'। वहीं एक यूजर ने लिखा है, 'कुछ तो प्रोफेशनलिज्म रखिए'। बता दें कि नितेश तिवारी निर्देशित फिल्म दो हिस्सों में रिलीज होगी। पहला पार्ट इस साल दिवाली के अवसर पर रिलीज होगा।