भारतीय सिनेमा की मच अवेटेड फिल्मों में से एक 'रामायण' की पहली झलक गुरुवार को मिली। 3 जुलाई को देश के 9 बड़े शहरों में भव्य तरीके से पेश किए जाने के बाद, अब इस मेगा प्रोजेक्ट ने अमेरिका के न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में जगह बना ली है। टाइम्स स्क्वायर पर रणबीर कपूर के राम और यश के रावण के विशाल पोस्टर चमके, तो वहां मौजूद हर कोई देखने के लिए रुक गया।
'रामायण' का ग्लोबल लॉन्च
रामायण का ये ग्लोबल लॉन्च भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के इतिहास में एक ऐतिहासिक मोड़ की तरह देखा जा रहा है। फिल्म को सिर्फ एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि एक ग्लोबल इवेंट की तरह प्लान किया गया है। इसकी भव्यता और स्केल ने ये साबित कर दिया है कि भारतीय पौराणिक कथाएं भी विश्वस्तर पर अपनी गूंज छोड़ सकती हैं।
इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं नीतेश तिवारी, जिन्होंने पहले दंगल जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म दी है। फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं नमित मल्होत्रा, जो ऑस्कर-विजेता प्रोड्यूसर हैं और 'ड्यून', 'ओपेनहाइमर', 'इंटरस्टेलर' जैसी हॉलीवुड फिल्मों में अहम भूमिका निभा चुके हैं।
रामायण की स्टारकास्ट
इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे
साई पल्लवी सीता के रूप में
यश निभाएंगे रावण का किरदार
सनी देओल हनुमान की भूमिका में
रवि दुबे लक्ष्मण का रोल निभाएंगे
पहली बार साथ आ रहे हांस जिमर और ए आर रहमान
इतना ही नहीं, फिल्म का म्यूजिक भी किसी कमाल से कम नहीं होगा। पहली बार बॉलीवुड में हॉलीवुड के लीजेंडरी कंपोजर हांस जिमर और ए आर रहमान साथ आ रहे हैं। वहीं, फिल्म के एक्शन सीन को कोरियोग्राफ कर रहे हैं गाय नॉरिस, जिन्होंने 'मैड मैक्स: फ्यूरी रोड' जैसे जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस डिजाइन किए हैं।
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म को आईमैक्स फॉर्मेट में रिलीज किया जाएगा, जिससे दर्शकों को सिनेमाघरों में एक जबरदस्त विजुअल एक्सपीरियंस मिलेगा। रामायण को दो भागों में रिलीज किया जाएगा — पहला पार्ट दिवाली 2026 में आएगा और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।