भारतीय सिनेमा में कई ऐसी फिल्में हैं जिन्हें कल्ट क्लासिक माना जाता है। इन्हीं फिल्मों में से एक है राम गोपाल वर्मा द्वारा निर्देशित 'शिवा'। 1989 में रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ तेलुगु सिनेमा में नए युग की शुरुआत की, बल्कि निर्देशक वर्मा को भी रातों-रात स्टार बना दिया था। अब इसी फिल्म को फिर से रिलीज किया जा रहा है लेकिन उससे पहले निर्देशक ने चिरंजीवी से माफी मांगी है।
री-रिलीज से पहले राम गोपाल वर्मा का भावुक संदेश
14 नवंबर को 'शिवा' के भव्य री-रिलीज की घोषणा के बीच राम गोपाल वर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें मेगास्टार चिरंजीवी फिल्म के बारे में बात कर रहे थे। इस वीडियो को शेयर करते हुए वर्मा ने लिखा- 'धन्यवाद चिरंजीवी जी। इस मौके पर मैं आपसे सच्चे मन से माफी मांगता हूं अगर मैंने कभी अनजाने में आपको किसी तरह ठेस पहुंचाई हो। आपकी विशाल हृदयता के लिए धन्यवाद।' यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
नागार्जुन ने दी 'शिवा' के ग्रैंड री-रिलीज की जानकारी
फिल्म में ‘शिवा’ की भूमिका निभाने वाले नागार्जुन अक्किनेनी ने अपने पिता अक्किनेनी नागेश्वर राव के जन्मदिन पर फिल्म की री-रिलीज की घोषणा की। उन्होंने लिखा- 'मेरे पिता के जन्मदिन पर, मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि भारतीय सिनेमा को हिला देने वाली फिल्म एक बार फिर थियेटर्स को हिलाने लौट रही है। शिवा को 14 नवंबर को 4K और डोल्बी साउंड के साथ बड़े पर्दे पर लौट रही है।'
नागार्जुन की इस पोस्ट के बाद तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में उत्साह की लहर दौड़ गई। वहीं, राम गोपाल वर्मा ने मजाकिया अंदाज में रिप्लाई करते हुए लिखा- अरे नागार्जुन, यह बच्चों की फिल्म नहीं है, लेकिन चिल्ड्रन डे पर लौटने से बच्चों जैसी खुशी जरूर मिलेगी।'
‘शिवा’ – जिसने सिनेमा की परिभाषा बदली
1989 में रिलीज हुई ‘शिवा’ एक कॉलेज-आधारित एक्शन ड्रामा थी, जो राम गोपाल वर्मा के खुद के इंजीनियरिंग कॉलेज के अनुभवों से प्रेरित थी। फिल्म में नागार्जुन और अमला अक्किनेनी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके साथ ही रघुवरन, कोटा श्रीनिवास राव, मुरली मोहन और गोल्लापुडी मारुति राव जैसे दिग्गज कलाकारों ने फिल्म को गहराई दी। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी एस. गोपाल रेड्डी ने की थी और संगीत दिया था इलैयाराजा ने।
फिल्म के दमदार बैकग्राउंड म्यूज़िक और यथार्थवादी एक्शन सीक्वेंस ने उस दौर में सिनेमाघरों में नया जोश भर दिया था। तेलुगु वर्जन ‘शिवा’ और तमिल वर्जन ‘उदयम’ दोनों ने ही रिकॉर्ड तोड़ कमाई की थी। यही कारण है कि इस फिल्म को आज भी कल्ट क्लासिक कहा जाता है।