कपल ने लॉन्च किया प्रोडक्शन हाउस
पत्रलेखा और राजकुमार राव ने आधिकारिक तौर पर अपना खुद का प्रोडक्शन हाउस 'कैंपा फिल्म' लॉन्च किया है। 'कैंपा' नाम व्यक्तिगत महत्व रखता है, क्योंकि इसमें उनकी माताओं के नाम के पहले अक्षर शामिल हैं, जो इस कपल की निजी जिंदगी को दर्शाता है। अपने नए उद्यम के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'कैंपा का शुभारंभ हमारे लिए एक भावनात्मक मील का पत्थर है। सिनेमा ने हमारे जीवन को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और यह बदले में कुछ देने का हमारा तरीका है।'
राजकुमार राव ने जताई खुशी
राजकुमार ने आगे कहा, 'हम ऐसी कहानियां बताने के लिए एक मंच बनाना चाहते थे, जो मनोरंजक और प्रेरणादायक होने के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी गूंजती हों। यह यात्रा हमारे दिल के बहुत करीब है और हम दर्शकों के लिए ताजा और अनूठी कहानियां लाने के लिए उत्सुक हैं।' कपल का उद्देश्य है कि वे कैंपा फिल्म को एक मंच के रूप में उपयोग करके विविध कहानियां सुनाएं, जो दर्शकों के साथ व्यक्तिगत और भावनात्मक रूप से जुड़ती हों।
कुछ प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है प्रोडक्शन हाउस
कैंपा फिल्म ने कुछ प्रोजेक्ट पर काम करना शुरू कर दिया है, जिसकी घोषणा आने वाले महीनों में की जाएगी। प्रोडक्शन हाउस को उम्मीद है कि वह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह के दर्शकों को आकर्षित करेगा। उनका लक्ष्य ऐसे प्रोजेक्ट तैयार करना है, जिससे लोगों को संदेश भी मिले और उनका मनोरंजन भी हो जाए।