इन दिनों सच्ची घटनाओं पर फिल्म बनाने का एक ट्रेंड जैसा चल रहा है। एक और जहां विवेक अग्निहोत्री 'फाइल्स' के नाम की एक सीरीज ही चला रहे हैं। अब सच्ची घटना पर ही आधारित एक और फिल्म की घोषणा हुई है। यह फिल्म साल 2008 के मालेगांव बम विस्फोट मामले पर आधारित होगी और इस फिल्म का नाम 'मालेगांव फाइल्स' रखा गया है। इस फिल्म का निर्देशन 'माई फ्रेंड गणेशा' के निर्देशक राजीव एस रुइया करेंगे। फिल्म अभी प्री-प्रोडक्शन में है।
फिल्म की कास्ट और क्रू को लेकर नहीं है अब तक कोई जानकारी
मेकर्स ने फिल्म की घोषणा कर दी है। हालांकि, अभी तक फिल्म की कास्ट को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। निर्देशक राजीव एस रुइया ने फिल्म को लेकर कहा कि यह महज एक विस्फोट की कहानी नहीं है, यह उसके बाद की घटनाओं की कहानी है। लोगों की कहानियां, राजनीतिक दृष्टिकोण, सच की खोज और आरोपियों तथा पीड़ितों के परिवारों द्वारा किया गया भावनात्मक और कानूनी उथल-पुथल का सामना। 'मालेगांव फाइल्स' इसी सच्चाई को पर्दे पर लाने का हमारा प्रयास है।
असली लोकेशन पर होगी फिल्म की शूटिंग
फिल्म को निर्देशक ने एएनआई को बताया कि फिल्म की शूटिंग असली लोकेशन्स पर की जाएगी। हमारी राइटर टीम बातचीत कर रही है। यह एक बेहद संवेदनशील विषय है। इसके पीछे की हर बारीकी को सामने लाना जरूरी है। रिसर्च चल रही है। 99 प्रतिशत संभावना है कि हम असली लोकेशन्स पर शूटिंग करेंगे। हम जल्द ही रेकी करेंगे। निर्माताओं ने बताया कि कहानी जमीनी और सम्मानजनक बनी रहे, इसके लिए जांच रिपोर्टों, अदालती दस्तावेजों और वास्तविक गवाहियों से जानकारी लेकर स्क्रिप्ट तैयार की जा रही है।
2008 में हुआ था हादसा
फिल्म की शूटिंग 2025 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है और कलाकारों और शूटिंग शेड्यूल के बारे में अधिक जानकारी जल्द ही सामने आने की उम्मीद है। मालेगांव विस्फोट त्रासदी 29 सितंबर, 2008 को हुई थी, जिसमें मालेगांव शहर के भिक्कू चौक में एक मस्जिद के पास एक मोटरसाइकिल पर बंधे विस्फोटक उपकरण में विस्फोट होने से छह लोग मारे गए थे और 95 अन्य घायल हो गए थे।