कुछ साल पहले एकता कपूर की एक वेब सीरीज में भारतीय सैनिकों को अपमानित करने की बात सामने आई थी। इस पर हिंदुस्तानी भाऊ (विकास पाठक) नाम के एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने पुसिल में शिकायत दर्ज कराई। जो शिकायत एकता कपूर के खिलाफ दर्ज की गई थी, उसमें उनके माता-पिता शोभा और जितेन्द्र कपूर को भी नामजद किया गया है। यह मामला 2020 का है। इस मामले में शनिवार को बांद्रा के मजिस्ट्रेट कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया है कि 9 मई तक मामले की रिपोर्ट पेश की जाए। इस मामले में एकता कपूर के वकील ने भी एक नोटिस जारी किया है। जानिए, क्या है इस नोटिस में?
एकता कपूर को किया जा रहा है बदनाम
एकता कपूर के एडवोकेट रिजवान सिद्दीकी की तरफ से ट्वीटर पर जारी किए एक नोटिस में कहा गया है कि कुछ लोग, उनकी क्लाइंट को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा करने के पीछे उनके अपने कुछ मकसद हैं। वे लोग एकता कपूर के बारे में गलत जानकारियां फैला रहे हैं।’
क्लोज हो चुकी है पुलिस कंप्लेंट
आगे इस नोटिस में एकता के एडवोकेट बताते हैं कि जिस पुलिस कंप्लेंट का जिक्र किया जा रहा है, वह साल 2020 में ही क्लोज कर दी गई है। यह जानकारी पुलिस डिपार्टमेंट द्वारा ही दी गई है। इसके बावजूद भी कुछ लोग लगातार एकता कपूर को डिफेम कर रहे हैं।
लीगल एक्शन का जिक्र किया
आगे नोटिस में एकता कपूर की तरफ से मानहानि की बात की गई है। नोटिस में एकता के एडवोकेट ने बताया है कि जो लोग गलत जानकारी फैला रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी एक्शन लिया जाएगा। साथ ही 100 करोड़ की मानहानि की बात भी इसमें कही गई है।