बॉलीवुड की पॉपुलर फ्रेंचाइजी हेरा फेरी की आगामी फिल्म 'हेरा फेरी 3' का दर्शकों को बड़ी बेसब्री से इंतजार है। बीते महीनों इस फिल्म को लेकर काफी विवाद हुआ था, जिसकी मुख्य वजह परेश रावल थे, क्योंकि उन्होंने अचानक फिल्म छोड़ने का मन बना लिया था। हालांकि बाद में सब कुछ ठीक हो गया था। इस मामले पर बीते दिनों परेश रावल ने प्रतिक्रिया दी थी। अब इसपर फिल्म निर्माता प्रियदर्शन ने चुप्पी तोड़ी है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।
हाल ही निर्देशक प्रियदर्शन पिंकविला के साथ बातचीत में शामिल हुए। उन्होंने कहा, ‘मुझे और परेश को कभी कोई समस्या नहीं हुई। जहां तक मुझे पता है, अक्षय और परेश को भी कभी कोई दिक्कत नहीं हुई। कुछ और लोग थे, जो परेश पर दबाव बना रहे थे। परेश रावल एक ऐसे इंसान हैं, जैसे आप जानते हैं कि जो लोग डरते हैं कि मैं बीमार हूं और इसे लेकर बहुत ज्यादा परेशान हो जाते हैं। हालांकि समस्या कोई और है। इसलिए वो डरते हैं, लेकिन हमारे रिश्ते पर इसका कोई असर नहीं हुआ।’
यह खबर भी पढ़ें:
Mera Desh Pehle: पीएम मोदी से जुड़े म्यूजिकल सागा की स्क्रीनिंग, रवीना-अक्षय कुमार के अलावा कई सितारे पहुंचे
कुछ लोगों ने दिक्कतें पैदा की है
आगे बात करते हुए प्रियदर्शन ने बताया, ‘अक्षय ने मुझसे कहा, ‘प्रिंस सर, अगर ऐसा होता है, तो होने दो। वरना, रहने देते हैं।’ बस इतना ही। कुछ लोगों ने इसमें मुश्किलें खड़ी की हैं। उनके बारे में बात करना बेकार है, इसलिए मैं बात नहीं कर रहा। उम्मीद करते हैं कि जिंदगी में अच्छा ही हो। ये फिल्म निर्माण है, इस दुनिया में आपके दुश्मन, दोस्त, प्रशंसक, आलोचक, बहुत कुछ होता है। मैं 40 साल कैसे गुजार पाया, मुझे आज भी नहीं पता।’
परेश रावल का वर्कफ्रंट
परेश रावल को आखिरी बार ‘निकिता रॉय’ फिल्म में देखा गया था। इस फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा मुख्य भूमिका में थीं। इसके अलावा परेश रावल अक्षय कुमार के साथ एक फिल्म ‘भूत बंगला’ भी कर रहे हैं। साथ ही वो ‘हेरा फेरी 3’ में भी नजर आएंगे।