अरिजीत के रिटायरमेंट के फैसले से प्रीतम को मिली प्रेरणा
प्रीतम ने कहा है कि अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से हटने के बहुचर्चित फैसले को रिटायरमेंट नहीं, बल्कि एक ब्रेक के तौर पर देखा जाना चाहिए। प्रीतम ने स्क्रीन के साथ एक इंटरव्यू में कहा कि अरिजीत सिंह बहुत ज्यादा दबाव में थे। वे कमर्शियल म्यूजिक की दुनिया से थक गए थे। प्रीतम ने यह भी कहा कि अरिजीत के इस फैसले ने उन्हें खुद भी ब्रेक लेने के प्लान के बारे में फिर से सोचने पर मजबूर कर दिया।
अरिजीत को थोड़े निजी वक्त की जरूरत है
प्रीतम ने कहा कि जब वे खुद ऐसा करने की हिम्मत जुटाने की कोशिश कर रहे थे, तभी अरिजीत सिंह ने आगे बढ़कर वही कर दिया जो वे करना चाहते थे। अरिजीत के फैसले के बारे में बताते हुए प्रीतम ने कहा कि फैंस को इस घोषणा को एक 'ब्रेक' समझना चाहिए, न कि हमेशा के लिए इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला। उन्होंने कहा कि अरिजीत लंबे समय से अपने काम से जुड़ी लगातार बढ़ती मांगों का बोझ ढो रहे थे और अब उन्हें कुछ स्पेस की जरूरत है।
बोले- 'फिल्म डायरेक्टर कर रहे हैं अरिजीत'
उन्होंने कहा, 'अरिजीत इतने सारे गाने गा रहे थे, हो सकता है कि अभी वे गाना न चाहते हों। कभी-कभी डायरेक्टर भी हम सब पर दबाव डालते हैं। मुझे भी 'नहीं' कहना मुश्किल लगता है। उन्हें थोड़ा समय दीजिए, वह बिल्कुल ठीक हो जाएंगे। प्रीतम ने आगे कहा, 'आर्टिस्ट कभी रिटायर नहीं होते। वे बस एक ब्रेक लेते हैं और किसी ऐसी चीज की तरफ मुड़ जाते हैं, जिसमें उन्हें ज्यादा दिलचस्पी होती है। उन्हें अपनी रफ्तार से आगे बढ़ने दीजिए। ऐसी बहुत सी चीजें, हैं जिन्हें वे एक्सप्लोर करना चाहते हैं। शुरुआत के तौर पर वे एक ऐसी फिल्म डायरेक्ट कर रहे हैं, जिसकी स्क्रिप्ट बेहद खूबसूरत है। साथ ही, यह उनकी जिंदगी है। उनकी आवाज है, इसलिए यह फैसला भी उन्हीं का होना चाहिए कि उन्हें कब गाना है, कब नहीं गाना है, क्या गाना है और क्या नहीं गाना है'।