साउथ सुपरस्टार प्रभास के जन्मदिन पर उनकी आने वाली फिल्म 'फौजी' के मेकर्स ने फैंस को खास तोहफा दिया है। 23 अक्टूबर को फिल्म का नया पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें प्रभास का अलग अंदाज देखने को मिल रहा है।
पोस्टर में आग की लपटों के बीच एक सुनहरा सिक्का नजर आ रहा है, जिस पर सैन्य वर्दी में प्रभास की तस्वीर बनी हुई है। इस पोस्टर के सामने आने के बाद फैंस के बीच फिल्म में उनके किरदार को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
प्रभास की फिल्म फौजी
- फोटो : सोशल मीडिया
पोस्टर पर क्या लिखा है?
पोस्टर पर 'ए बैटालियन हू फाइट्स अलोन' (एक ऐसी बटालियन जो अकेले लड़ती है) और 'मोस्ट वांटेड सिंस 1932' लिखा हुआ है। इसके साथ ही एक रहस्यमयी फाइल नंबर 025 का भी जिक्र किया गया है, जिसका राज जल्द खुलने वाला है।
मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए एक दिलचस्प कैप्शन भी लिखा है। उन्होंने बताया कि फाइल नंबर 25 से जुड़ा सवाल 'वह कौन है?' का जवाब आज एक वीडियो के जरिए दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने प्रभास को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी हैं।
फौजी
- फोटो : इंस्टाग्राम
क्या होगी 'फौजी' की कहानी?
पोस्टर में 1932 का जिक्र और प्रभास का पुरानी सैन्य वर्दी में नजर आना इस बात की ओर इशारा करता है कि फिल्म की कहानी पुराने दौर पर आधारित होगी। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक प्रभास के किरदार और फिल्म की कहानी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है।
किसने किया है 'फौजी' का निर्देशन?
'फौजी' का निर्देशन हनु राघवपुडी कर रहे हैं। फिल्म को मैथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनाया जा रहा है, जबकि टी-सीरीज फिल्म्स इसे प्रस्तुत कर रही है। नवीन येरनेनी, वाई रविशंकर और भूषण कुमार इस फिल्म के निर्माता हैं। इस ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म में प्रभास एक बिल्कुल अलग अवतार में नजर आने वाले हैं। नए पोस्टर ने फिल्म की कहानी और उनके किरदार को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
प्रभास
- फोटो : एक्स
कब रिलीज होगी 'फौजी'
पहले 'फौजी' को 3 दिसंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना था, लेकिन अब इसकी रिलीज टाल दी गई है। फिल्म की नई रिलीज डेट का अभी ऐलान नहीं हुआ है। यह फिल्म तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम और बंगाली भाषाओं में रिलीज होगी।