पायल कपाड़िया के निर्देशन में बनी फिल्म 'ऑल वी इमेजिन एज लाइट' अपने रिलीज के बाद से ही चर्चा में है। फिल्म ने 77वें कान फिल्म फेस्टिवल में ‘ग्रांड प्रिक्स’ अवॉर्ड झटका। फिर इसे 82वें गोल्डन ग्लोब में भी नामांकन मिला, हालांकि, अवॉर्ड हासिल करने से यह फिल्म चूक गई। फिल्म के ओटीटी रिलीज के बाद, पायल कपाड़िया कथित तौर पर अपने अगले प्रोजेक्ट पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक कपाड़िया ने अपकमिंग प्रोजेक्ट को लेकर अपडेट साझा की है।
मुंबई पर आधारित होगी पायल की अगली फिल्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक पायल ने खुलासा किया कि उन्होंने मुंबई पर आधारित अपनी अगली फिल्म को लिखना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, “यह थोड़ा जल्दी है, लेकिन मैं मुंबई में दो और फिल्में करने और इस तरह की एक ट्रायो बनाने के बारे में सोच रही हूं।”
यह खबर भी पढ़ें:
Box Office Report: 'गेम चेंजर' के साथ पहले दिन ही हुआ खेला, बॉक्स ऑफिस 'फतेह' नहीं कर सकी सोनू सूद की फिल्म
जाह्नु बरुआ के बयान पर दी प्रतिक्रिया
पायल कपाड़िया ने फिल्म निर्माता जाह्नु बरुआ की आलोचना के बारे में भी बात की, जिन्होंने भारत की ऑस्कर समिति के प्रमुख के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान पायल की फिल्म को तकनीकी रूप से बहुत खराब कहा था। उनके बयान पर कपाड़िया ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका क्या मतलब था और अगर वह भविष्य में मिलते हैं तो वह उनसे पूछना चाहेंगी।
यह खबर भी पढ़ें:
Los Angeles Wildfires: डिज्नी ने बढ़ाया मदद का हाथ, आग से हुए नुकसान से उबरने के लिए किया इतने करोड़ का दान
'ऑल वी इमेजिन एज लाइट' के बारे में
इंडो-फ्रेंच सहयोग से बनी 'ऑल वी इमेजिन एज लाइट' में कनी कुसरुति, दिव्या प्रभा, हृदु हारून और छाया कदम मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म ने 2024 में कान फिल्म फेस्टिवल में ग्रैंड प्रिक्स जीता, साथ ही 2024 में न्यूयॉर्क फिल्म क्रिटिक्स सर्कल और गोथम अवार्ड्स से सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर पुरस्कार जीता। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इसे वर्ष की अपनी पसंदीदा फिल्मों की सूची में शामिल किया।