भोजपुरी सिंगर-एक्टर पवन सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर सिंगर-एक्ट्रेस अंजलि राघव के साथ आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद अब पवन सिंह का एक और वीडियो वायरल है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में पवन सिंह कथित तौर पर एक छोटे लड़के को अंजलि राघव और उनके साथ मौजूद एक अन्य महिला को गले लगाने के लिए कहते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद पवन सिंह एक बार फिर लोगों के निशाने पर आ गए हैं।
विज्ञापन
पवन ने की जबरदस्ती
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि पवन सिंह एक बच्चे को मंच पर बुलाते और उसे अपनी सह-कलाकार अंजलि राघव और उनके साथ मौजूद एक अन्य महिला को गले लगाने के लिए कहते नजर आ रहे हैं। लड़का असहज लग रहा है और वो शुरुआत में मना कर देता है। इसके बावजूद पवन सिंह अपनी बात पर अड़े रहते हैं और खुद भी ऐसा ही करते हैं, जबकि बच्चे को भी अपनी नकल करने के लिए उकसाते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर उनके इस व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं।
अंजलि राघव को गलत तरीके से छूने पर विवादों में घिरे थे पवन
हाल ही में पवन सिंह उस समय विवादों में घिर गए थे, जब उनका एक वीडियो सामने आया था जिसमें वो मंच पर सिंगर अंजलि राघव को गलत तरीके से छू रहे थे। वायरल वीडियो में नजर आ रहा था कि पवन सिंह स्टेज पर सिंगर अंजलि के साथ मौजूद थे। अंजलि ऑडियंस से बात कर रही थीं, इसी बीच पवन उनकी कमर को टच करते हैं। कहते हैं कि कुछ लगा हुआ है।
पवन सिंह दो-तीन बार ऐसे करते हैं। इस तरह की हरकत से अंजलि भी असहज हो जाती है। लेकिन पवन सिंह दोबारा सिंगर की कमर को टच करते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद पवन सिंह को जमकर ट्रोल किया गया था। वहीं अंजलि ने भी बाद में इस मामले पर एक वीडियो जारी करके अपनी नाराजगी जताई थी। इसके बाद मामला बढ़ता देख पवन सिंह ने माफी मांगी थी।