तेलुगु सिनेमा के पावरस्टार और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। उनकी नई एक्शन फिल्म 'दे कॉल हिम ओजी' को लेकर फैंस में पहले से ही जबरदस्त क्रेज था और 25 सितंबर को सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज हो गई। देशभर में आयोजित प्रीमियर शोज में फिल्म को देखने पहुंचे कई नामी सितारों ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जताई और पवन कल्याण को ओजी करार दिया।
राम चरण ने की फिल्म की तारीफ
'आरआरआर' स्टार और पवन कल्याण के भतीजे राम चरण ने फिल्म देखकर अपने उत्साह को एक्स पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि पावरस्टार के चाहने वालों के लिए त्योहार है। निर्देशक सुजीत की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने दर्शकों के लिए शानदार तोहफा दिया है और संगीतकार थमन ने अपने म्यूजिक से आग लगा दी। राम चरण ने निर्माता दानय्या और पूरी टीम को बधाई देते हुए फिल्म को ब्लॉकबस्टर करार दिया।
यह खबर भी पढ़ें: Anupamaa: कैंसर से जूझ रही देविका के लिए साथ आईं अनुपमा और बेटी राही, क्या फिर से जुड़ेगी टूटे रिश्तों की डोर?
नानी ने दी बड़ी प्रतिक्रिया
'हिट: द थर्ड केस' फेम नानी भी फिल्म देखने पहुंचे और बाहर आकर उन्होंने इसे ओरिजिनल जाइंट ब्लॉकबस्टर बताया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि पवन कल्याण, निर्देशक सुजीत और थमन की तिकड़ी ने थिएटर में धमाका कर दिया। साथ ही प्रियंका मोहन, संपादक नवीन नूली और निर्माता डीवीवी मूवीज़ की जमकर तारीफ की। नानी का मानना है कि यह फिल्म फैन्स के लिए जबरदस्त अनुभव है।
चिरंजीवी ने भी लिखा संदेश
मेगास्टार और पवन कल्याण के बड़े भाई चिरंजीवी ने भी फिल्म देखकर खुशी जताई। उन्होंने पवन कल्याण की कटाना लिए तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि ओजस गंभीरा के रूप में उनके छोटे भाई को दर्शकों से इतना प्यार मिलते देख गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने निर्देशक, निर्माता और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और इसे पावरस्टार का ग्रैंड रिटर्न बताया।
परिवार ने जताई खुशी
राम चरण के अलावा वरुण तेज और साई धरम तेज जैसे भतीजों ने भी थिएटर में अपने स्टार अंकल को देखने का अनुभव साझा किया। वरुण ने इसे कभी ना भूलने वाला पल बताया और कहा कि स्क्रीन पर पावरस्टार को देखना किसी सपने से कम नहीं। वहीं साई धरम तेज ने थिएटर के अंदर का एक वीडियो साझा किया जिसमें वो सीट से उठकर सीटी बजाते और ओजी के नारे लगाते नजर आए।
इंडस्ट्री से मिली बधाइयां
फिल्म 'दे कॉल हिम ओजी' को लेकर सिर्फ परिवार ही नहीं बल्कि बाकी सितारे भी जमकर बधाइयां दे रहे हैं। अभिनेता निखिल सिद्धार्थ, प्रोड्यूसर नागा वंसी और निर्देशक बॉबी कोल्ली ने भी फिल्म देखकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए और पवन कल्याण की तारीफ की।