भारत में पहले, दुनियाभर में दूसरे पायदान पर
फिल्म 'पार्वती' गाने ने लोकप्रियता के मामले में इतिहास रच दिया है। यह भारत में नंबर वन पर है। भारत में यूट्यूब के वीकली चार्ट में यह टॉप पर है। वहीं, ग्लोबली भी गाना खूब पसंद किया जा रहा है। दुनियाभर में यह यूट्यूब पर दूसरे नंबर पर है।
भजन क्लबिंग के बाद और मिली लोकप्रियता
यह गाना पहले ही खूब पसंद किया जा रहा था। मगर, बीते दिनों राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए 'भजन क्लबिंग' इवेंट में इस गाने को गाया गया, जिसके बाद इसकी लोकप्रियता में और इजाफा देखा गया। बता दें कि इस इवेंट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। इस गाने की लोकप्रियता दिखाती है कि भक्ति संगीत अब युवा दर्शकों तक भी पहुंच रहा है।
बुंदेली भाषा दुनियाभर में छाई
बुंदेली लोक संगीत से प्रेरित यह गाना भारत में यूट्यूब म्यूजिक पर हफ्ते का सबसे लोकप्रिय गाना बन गया है। साथ ही यूट्यूब म्यूजिक के ग्लोबल सॉन्ग्स चार्ट पर दूसरे नंबर पर भी पहुंच गया है। बुंदेली भाषा इस गाने का खास आकर्षण है। यह गाना लोक गायक साधु तिवारी ने गाया है। उन्होंने 'भजन क्लबिंग' इवेंट में प्रधानमंत्री मोदी के सामने इस गाने की लाइव परफॉर्मेंस दी थी।
कितने मिले व्यूज?
यूट्यूब चार्ट्स के अनुसार, 'पार्वती' गाने को भारत में करीब 47,266,182 से अधिक बार देखा गया है, जिससे यह देश के साप्ताहिक गानों के चार्ट में सबसे ऊपर है। ग्लोबल चार्ट पर अभी शकीरा और बर्ना बॉय का गाना 'डाई डाई' (Dai Dai) पहले नंबर पर है। वहीं, 'पार्वती' दूसरे नंबर पर है।
साधु तिवारी ने ही इस गाने को लिखा और कंपोज किया है। इस गाने ने यूट्यूब पर 100 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं। इसे पारंपरिक भक्ति संगीत सुनने वालों के अलावा भी बहुत से लोगों ने पसंद किया है। इसकी लोकप्रियता इंस्टाग्राम रील्स और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी काफी ज्यादा है।