टेलिविजन जगत और ओटीटी पर अपने अभिनय से पहचान बना चुकी अभिनेत्री और एंटरप्रेन्योर पारुल गुलाटी अब बॉलीवुड के कॉमेडी किंग कपिल शर्मा के साथ बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। फिल्म ‘किस किस को प्यार करूं 2’ में नजर आने वालीं पारुल ने इस बात की ऑफिशियली घोषणा कर दी है। ये फिल्म 15 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और खास बात ये है कि यह पारुल गुलाटी की इंडस्ट्री में 15 साल के लंबे सफर के बाद पहली थिएट्रिकल रिलीज होगी।
पारुल ने आधिकारिक तौर पर किया एलान
पारुल ने अपने इस नए चैप्टर की जानकारी फैंस के साथ साझा करते हुए एक भावनात्मक पोस्ट लिखा। उन्होंने लिखा- '15 साल के इंतजार के बाद आखिरकार वो दिन आ गया जब मैं हिंदी सिनेमा के बड़े पर्दे पर नजर आने वाली हूं, वो भी कपिल शर्मा के साथ।' पारुल के इस पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट किया है।
लंबे समय से मनोरंजन जगत का हिस्सा रहीं पारुल
पारुल गुलाटी लंबे समय से मनोरंजन जगत का हिस्सा रही हैं। वोकई भाषाओं में वेब सीरीज, ओटीटी शो और म्यूजिक वीडियोज में नज़र आ चुकी हैं, लेकिन बॉलीवुड के बड़े पर्दे पर यह उनका डेब्यू है। फिल्म पर बात करते हुए हालिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा- 'कॉमेडी मेरे लिए एक बिल्कुल नया अनुभव है। मैं हमेशा ड्रामा और इमोशनल किरदारों में रही, लेकिन इस बार कपिल शर्मा के साथ काम करते हुए मैंने खुद को एक अलग जोन में पाया।'
यह खबर भी पढ़ें: 'अब मैं पूरी तरह मम्मी बन गई हूं', मां बनने के बाद परिणिती चोपड़ा ने किया मजेदार पोस्ट; फैंस की निकली हंसी
फिल्म की स्टारकास्ट
बता दें इस फिल्म में जहां मेल लीड के तौर पर कपिल शर्मा नजर आएंगे। वहीं अभिनेत्रियों में पारुल गुलाटी के अलावा बिग बॉस 17 फेम आयशा खान भी नजर आने वाली हैं। इन दोनों के साथ ही वरीना हुसैन भी कपिल शर्मा के लव इंटरस्ट के रूप में नजर आने वाली हैं।