टॉप 15 में भारतीय फिल्म 'होमबाउंड'
इसके अलावा ऑस्कर नॉमिनेशन से जुड़ी अपडेट अकादमी अवॉर्ड्स के आधिकारिक एक्स अकाउंट (@TheAcademy) पर भी लगातार दी जा रही हैं। भारत की तरफ से 'होमबाउंड' को 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भेजा गया गया है। यह फिल्म वोटिंग के अगले राउंड में पहुंच गई है। इसे ऑस्कर 2026 में टॉप 15 शॉर्टलिस्ट फिल्मों में जगह मिली है। इनमें से सिर्फ 5 फिल्मों को फाइनल नॉमिनेशन मिलेगा। इसमें कौन-कौन सी फिल्में शामिल होंगी, इसका फैसला आज कुछ ही घंटों में हो जाएगा।
ये फिल्में भी दौड़ में शामिल
'होमबाउंड' के अलावा पांच अन्य भारतीय फिल्में भी ऑस्कर की रेस में हैं। दरअसल, बीते दिनों एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने सर्वश्रेष्ठ पिक्चर कैटेगरी के लिए 201 फिल्मों की पात्रता सूची जारी की थी। इसमें 5 भारतीय फिल्में भी शामिल हुईं। पहली फिल्म है ऋषभ शेट्टी की 'कंतारा: चैप्टर 1', जिसे अकादमी ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म, अभिनय, निर्देशन, छायांकन, निर्माण डिजाइन और पटकथा, में पुरस्कार के लिए पात्र घोषित किया है। इसके अलावा 'महावतार नरसिम्हा' और 'टूरिस्ट फैमिली' को भी ऑस्कर की बेस्ट फिल्म की दौड़ में शामिल किया गया है। इसके अलावा 'तन्वी द ग्रेट' और 'सिस्टर मिडनाइट' भी हैं।
फिल्म 'होमबाउंड' की स्टारकास्ट
नीरज घेवान निर्देशित इस फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म को करण जौहर, आदर पूनावाला, अपूर्व मेहता और सोमेन मिश्रा ने प्रोड्यूस किया है। भारतीय सिनेमाघरों में यह फिल्म 26 सितंबर 2025 को रिलीज हुई थी।