नेटफ्लिक्स की मच अवेटेड सीरीज 'स्क्विड गेम सीजन 3' आखिरकार 27 जून को रिलीज हो गई है। पहले दो सीजन की जबरदस्त सफलता के बाद, दर्शकों की उम्मीदें तीसरे और अंतिम सीजन से बहुत ज्यादा थीं। सीरीज के पहले 6 एपिसोड्स प्लेटफॉर्म पर रिलीज किए गए हैं। लेकिन क्या ये नया सीजन उन उम्मीदों पर खरा उतर पाया? चलिए आपको बताते हैं ऑडियंस की तरफ से शो को कैसी प्रतिक्रिया मिल रही है।
नेटफ्लिक्स का 'स्क्विड गेम 3' हुआ रिलीज
इस सीजन की कहानी की शुरुआत वहीं से होती है जहां पिछला सीजन खत्म हुआ था। खिलाड़ी 456 यानी गी-हुन अब बदले की आग में जल रहा है। वो टूटा हुआ है, मानसिक रूप से बिखरा हुआ है और एक बार फिर उसी जानलेवा खेल में कूद पड़ा है, जिसे उसने एक बार पहले जीत लिया था। लेकिन इस बार खेल और भी खतरनाक है और हर फैसला मौत का कारण बन सकता है। एक बार फिर मौत का खूनी खेल देखने को मिल रहा है लेकिन सोशल मीडिया पर आ रहीं प्रतिक्रियाओं की मानें तो इस बार कहानी कुछ ज्यादा ही भावनात्मक है।
स्क्विड गेम सीजन 3 से नाखुश दिखे फैंस
इस सीजन से फैंस को खास उम्मीदें थीं क्योंकि ये सीरीज का आखिरी सीजन है और इससे पहले के दो सीजन काफी दिलचस्प रहे हैं। लेकिन आखिरी सीजन ने अब तक फैंस को थोड़ा बहुत निराश किया है। एक यूजर ने लिखा- 'गि-हुन टूटा हुआ है, धोखा खाया हुआ है, और फिर उसी डरावने खेल में लौट आया है। अब खेल पहले से ज्यादा खतरनाक हैं। फैसले जानलेवा हैं और इस बार सिर्फ़ जिंदा रह जाना शायद काफी नहीं होगा। इस सीजन का मकसद आपका मनोरंजन नहीं, बल्कि आपको विचलित करना है।'
इस बार सीजन पहले से ज्यादा इमोशनल और रुलाने वाला रहा है। बस इसी को लेकर कई यूजर्स सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी दिखा रहे हैं। वहीं एक और यूजर ने लिखा- 'एक ही एपिसोड में 4 अहम किरदारों की मौत! ये पागलपन नहीं तो और क्या है!' एक और यूजर ने लिखा- 'एपिसोड 3 के बीच में ही... ये क्या चल रहा है यार। अब ये शो मजेदार नहीं रहा, ये तो इमोशनल टॉर्चर है!
स्क्विड गेम 3
- फोटो : एक्स
अभिनय से किरदारों ने डाली जान
किरदारों की बात करें तो इस सीजन में कई दमदार परफॉर्मेंस देखने को मिलती हैं। यिम सी-वॉन ने 'म्युंग-गी' के किरदार में ऐसा अभिनय किया है कि दर्शक उनके किरदार से नफरत करते हुए भी उनकी एक्टिंग के कायल हो जाएंगे। कांग हा-न्यूल की शांत लेकिन सटीक परफॉर्मेंस और पार्क सुंग-हून की दिल छू लेने वाली कहानी इस सीजन की मजबूत कड़ियां हैं। खासकर ट्रांसवुमन के रूप में उनका किरदार, जो अंत तक निस्वार्थ बना रहता है, वाकई असरदार है। जो यू-री का किरदार 'जून-ही' के रूप में भी सराहनीय है, जो गर्भवती होने के बावजूद अंत तक साहस से लड़ती है। उनकी भूमिका दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने में कामयाब रहती है।
फैंस को जोड़ने में नाकाम रहा सीजन?
अब सवाल उठता है कि क्या इस बार इसकी कहानी दर्शकों को खासा प्रभावित नहीं कर पाई। इसका जवाब देना अभी काफी जल्दबाजी हो जाएगा। क्योंकि फिलहाल शुरुआती रिएक्शन्स सामने आए हैं।हालांकि, इस सीजन की सबसे बड़ी कमी इसकी कहानी में संतुलन की कमी बताई जा रही है। एक साथ कई प्लॉट दिखाने की कोशिश में कुछ अहम किरदारों को वो स्पेस नहीं मिला, जिसकी उनसे उम्मीद थी।